उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आंधी-बारिश और तूफान ने कई जनपदों में जमकर तबाही मचाई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हुई आंधी-बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थितियों से आम नागरिकों को हो रही परेशानियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विपरीत परिस्थितियों में आमजन को तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
24 घंटे के अंदर मुआवजे के निर्देश
सीएम ने मौसम से प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पूरी सरकारी मशीनरी सक्रिय रहे और हर हाल में यह सुनिश्चित किया जाए कि खराब मौसम का न्यूनतम असर हो। जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में बदले मौसम के चलते अलग-अलग जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में कई लोगों की जान गई है और किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट किया है कि सरकार हर प्रतिकूल परिस्थिति में किसानों और समस्त प्रदेशवासियों के साथ निरंतर खड़ी है। उन्होंने आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
सीएम योगी ने दिए अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश देते हुए कहा कि विपरीत मौसम में कई जनपदों में सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं। ऐसे सभी स्थानों पर राहत-बचाव कार्य तेज गति से चलाए जाएं ताकि घायलों को समय रहते उपचार मिल सके। घायलों का निकटवर्ती अस्पतालों में त्वरित और समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। आंधी-बारिश की वजह से किसानों और आमजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिकूल मौसम का प्रभाव कम से कम हो और लोगों को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में वापस लाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को एक बार फिर निर्देशित किया कि वे निरंतर फील्ड में मौजूद रहें और वस्तुस्थिति का स्वयं जायजा लें। फील्ड अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे खराब मौसम से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के बीच जाएं, उनसे सीधा संपर्क स्थापित करें और राहत कार्यों के लिए समन्वय बनाएं। किसी भी विपरीत स्थिति या आवश्यकता संबंधी सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत सुनिश्चित की जा सके। सीएम ने जोर देकर कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।






