केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मानीराम विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय ओमप्रकाश पासवान की 30वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने स्वर्गीय पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की, लेकिन साथ ही समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला भी बोला।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें वह दिन भी याद हैं जब गोरखपुर आना मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राज में पूरा उत्तर प्रदेश दुर्दशा का शिकार था। सड़कें गड्ढों, कीचड़ और बदबू से भरी रहती थीं। उनके अनुसार, उस वक्त प्रदेश में भय, आतंक और भ्रष्टाचार का बोलबाला था।
‘सपा के राज में यूपी नरक बन गया था’
शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा, “पूरे उत्तर प्रदेश की दुर्दशा सपा के राज में हुई थी। उत्तर प्रदेश नरक बन गया था। भय, आतंक और भ्रष्टाचार था। अब भय का खात्मा हो गया है।” उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ‘अखिलेश बाबू तो जागते हुए भी सपने देखते हैं।’
“आज देश में विकास का पर्याय देखना हो तो उसका उत्तम उदाहरण उत्तर प्रदेश है। प्रधानमंत्री जी के मार्ग दर्शन में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की सरकार ने विकास की एक नई परिभाषा गढ़ी है।” — शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कई क्षेत्रों में देश का नेतृत्व कर रहा है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने विकास की एक नई कहानी लिखी है।
जेवर एयरपोर्ट और पीएम मोदी की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन से जुड़े सवाल पर शिवराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने पूरे देश में विकास की गाथा गढ़ी है। उन्होंने कहा, “एक के बाद एक कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। यह भी पहली बार हो रहा है कि जो शिलान्यास करें, वही लोकार्पण करें।” उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा जैसे दल हताशा में राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी प्रधानमंत्री का विरोध करते हैं, लेकिन देश की जनता सच्चाई जानती है और वह पीएम मोदी और योगी जी के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने स्वर्गीय ओमप्रकाश पासवान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ 44 साल के जीवन में जनता की सेवा का एक नया इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि आज उनके पुत्र कमलेश पासवान केंद्र में मंत्री हैं और छोटे पुत्र डॉ. विमलेश पासवान विधायक के तौर पर जनता की सेवा कर रहे हैं।






