
मानसून की दस्तक से पहले उत्तर प्रदेश में मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ गर्मी व उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है वहीं दूसरी तरफ कहीं-कहीं बादल-बारिश की स्थिति बनी हुई है। बुधवार-गुरुवार (24 & 25 JUNE 2026) को पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40-50 किमी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
साथ ही लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार (23 जून 2026) को लखनऊ, नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, ललितपुर और बागपत समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा। बांदा में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस और हरदोई में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में चक्रवाती परिसंचरण, पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ सक्रिय है। इसके असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24-25 और 29-30 जून को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24-25 और 28,29, 30 जून तक गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और लू चलने की भी संभावना जताई गई है।
जल्द होगी यूपी में मानसून की दस्तक
आगामी 2-3 दिनों के दौरान दक्षिणी-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर एवं गुजरात के कुछ भागों, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों, तथा मध्य प्रदेश के कुछ भागों में तथा उसके बाद के 3-4 दिनों के दौरान झारखंड एवं बिहार के कुछ भागों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। संभावना है कि गोरखपुर के रास्ते जून अंत तक मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर यूपी में मानसून के आगमन का सामान्य समय 20 जून है, लेकिन इस बार 8 दिन की देरी से 28 जून के आसपास पहुंचने का अनुमान है।
बुधवार को इन जिलों में बारिश व लू का अलर्ट
- नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और झांसी में हल्की बारिश की संभावना है। गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फर नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में भी मौसम बदला रहेगा।
- बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, मीरजापुर, संत रविदास नगर और सोनभद्र में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

