
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों को विपक्षी सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तैयारी के साथ सदन में आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे पहले से तैयार रखें और इन्हें संबंधित मंत्रियों को भी उपलब्ध कराएं, ताकि आरोपों का प्रभावी जवाब दिया जा सके।
विधायकों को निर्देश
सीएम योगी ने जोर दिया कि विधायक इस सोच के साथ सदन में आएं कि उन्हें सार्थक चर्चा करनी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हंगामा करे या चर्चा से दूर रहे, हमें अपनी बात मजबूती से रखनी है। उन्होंने बताया कि विजन डॉक्युमेंट पर 24 घंटे का सत्र चलेगा और सभी को बोलने का मौका मिलेगा।
विकसित उत्तर प्रदेश किताब का विमोचन
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ किताब का विमोचन किया। इसकी एक-एक प्रति सभी विधायकों को दी गई है। इसमें 1950 से अब तक यूपी की विकास यात्रा और महत्वपूर्ण आंकड़े शामिल हैं।
सक्रिय भागीदारी के निर्देश
योगी ने कहा कि विधायक इन आंकड़ों का इस्तेमाल अपनी तैयारी में करें। ताकि सदन में पुख्ता तरीके से तर्क रखे जा सकें। साथ ही उन्होंने सभी विधायकों को सदन में उपस्थित रहने और चर्चा में सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश दिए।
