Hindi News

सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की दी धमकी, वीडियो वायरल होने पर हंगामा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Written by:Saurabh Singh
Published:
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सुनील नशे का आदी है और उसका अपने चाचा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने गुस्से में मुख्यमंत्री को धमकी दी।
सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की दी धमकी, वीडियो वायरल होने पर हंगामा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले एक युवक को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ गठुआ के रूप में हुई है। उसने हथियार लहराते हुए एक वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह मुख्यमंत्री को धमकी देता नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

मथुरा के नगला हर दयाल निवासी सुनील को गिरफ्तार करने में पुलिस को ढाई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छत पर चढ़ गया और हथियार लहराते हुए ड्रामेबाजी करता रहा। हालांकि, पुलिस ने आखिरकार उसे हिरासत में ले लिया। वायरल वीडियो में सुनील को पिस्टल के साथ धमकी देते देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

आरोपी सुनील नशे का आदी

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सुनील नशे का आदी है और उसका अपने चाचा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने गुस्से में मुख्यमंत्री को धमकी दी। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

धमकी के पीछे के कारणों की जांच

वर्तमान में पुलिस सुनील से पूछताछ कर रही है ताकि धमकी के पीछे के कारणों और अन्य संभावित इरादों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने की अपील की है।