देहरादून। उत्तराखंड के गांवों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को अब बाजार तक पहुंचाने के लिए एक नया मंच मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की है। यहां प्रदेश के सभी जिलों के स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों की मार्केटिंग कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026’ का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के जरिए अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया गया है, जबकि 8 हजार से ज्यादा महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता और आजीविका से जोड़ा गया है।
3 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी
सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए प्रदेश की 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं 70 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इनमें 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

महिलाएं पहाड़ी मसालों, मंडुवा, झंगोरा, दाल, शहद, अचार और जैम से लेकर हस्तशिल्प, ऊनी उत्पाद और स्थानीय कला को व्यवसाय में बदल रही हैं। अब सरकार का फोकस इन उत्पादों को उत्तराखंड से बाहर बड़े बाजारों तक पहुंचाने पर है। इसी दिशा में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को अंब्रेला ब्रांड के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
ग्रामीण हाट, विपणन केंद्र, कलेक्शन सेंटर और एग्री सर्विस सेंटर को मजबूत करने पर भी काम किया जा रहा है, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिले और किसानों व उद्यमियों की आमदनी बढ़ सके।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमशाला योजना के जरिए ग्रामीण उद्यमियों को कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने में मदद दी जा रही है। कोशिश है कि उत्तराखंड के युवा रोजगार की तलाश करने के बजाय खुद रोजगार के अवसर पैदा करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाकर पलायन रोकना भी इस पहल का अहम उद्देश्य है। ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) के जरिए अति-निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।
प्रदेश के सभी 13 जिलों में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल’ आयोजित की जा रही हैं। योजनाओं की जानकारी गांवों तक पहुंचाने के लिए प्रचार वैन भी भेजी जा रही हैं।

कार्यक्रम में सीएम धामी ने लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पुस्तक और वार्षिक रिपोर्ट के साथ कृषि प्रशिक्षण, बाल आहार तथा महिलाओं एवं बच्चों में एनीमिया की रोकथाम से जुड़े मॉड्यूल भी जारी किए गए।







