Hindi News

उत्तराखंड में चम्पावत के वाराही धाम मंदिर का होगा भव्य नवनिर्माण, सीएम धामी ने वर्चुअल किया शिलान्यास, इसे आस्था और विकास का बताया प्रतीक

Written by:Banshika Sharma
Published:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत स्थित प्रसिद्ध वाराही धाम देवीधुरा के मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह नवनिर्माण मंदिर को और भव्य स्वरूप प्रदान करेगा और राज्य सरकार मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने चम्पावत में चल रही अन्य विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
उत्तराखंड में चम्पावत के वाराही धाम मंदिर का होगा भव्य नवनिर्माण, सीएम धामी ने वर्चुअल किया शिलान्यास, इसे आस्था और विकास का बताया प्रतीक

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से चम्पावत के प्रसिद्ध वाराही धाम देवीधुरा में मंदिर के नव निर्माण कार्य का वर्चुअल शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह क्षण सभी के लिए सौभाग्य का है और यह नवनिर्मित मंदिर आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा।

मुख्यमंत्री ने इस प्राचीन धाम को श्रद्धा, आस्था और शक्ति का सदियों पुराना केंद्र बताया। उन्होंने वाराही धाम में आयोजित होने वाले बग्वाल मेले का जिक्र करते हुए इसे वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम कहा। धामी ने याद दिलाया कि राज्य सरकार ने इस मेले को राजकीय मेला भी घोषित किया है, जो इसकी सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है।

आस्था और विकास का प्रतीक बनेगा मंदिर

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि मंदिर का नव-निर्माण इसे और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थित चारधाम, शक्तिपीठ, सिद्धपीठ और अन्य मंदिर, हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के जीवंत प्रतीक हैं।

“वाराही धाम के नव-निर्मित कार्यों का शुभारम्भ होना, हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है। माँ वाराही का प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का केंद्र रहा है। यह धाम आस्था के साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

मानसखंड के विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को एक भव्य रूप प्रदान करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार, देवभूमि उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का कार्य कर रही है। केदारखंड के साथ ही अब मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।”

चम्पावत में करोड़ों की परियोजनाएं

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत ₹179 करोड़ की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, लगभग ₹430 करोड़ की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी गतिमान है।

इस वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक व संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा, श्याम नारायण पाण्डे एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews