Hindi News

धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर बड़ा अभियान शुरू, सीएम बोले- जो भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे होगा

Written by:Neha Sharma
Published:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते तीन सालों में 78 भ्रष्टाचारियों और 27 से अधिक अन्य व्यक्तियों को पकड़ा गया है।
धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर बड़ा अभियान शुरू, सीएम बोले- जो भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे होगा

CM DHAMI

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक सतर्कता विभाग ने 339 भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बीते तीन सालों में 78 भ्रष्टाचारियों और 27 से अधिक अन्य व्यक्तियों को पकड़ा गया है।

धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शासन व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए टोल फ्री नंबर 1064 शुरू किया गया है। इस नंबर पर मिली 62 शिकायतों में ट्रैप कार्रवाई और चार में खुली जांच की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। “जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह जेल जाएगा,” मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे इस जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करें ताकि जनता इसमें अधिक से अधिक भाग ले सके।

राज्य सरकार के तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हुई है। सतर्कता विभाग अब तक 78 भ्रष्ट अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुका है। इसी क्रम में “सतर्कता–हमारी साझा जिम्मेदारी” थीम पर नया जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है, जो 9 नवंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने क्या कहा?

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि समाज और प्रशासन की मजबूती के लिए सभी कर्मियों में ईमानदारी, अनुशासन और सत्यनिष्ठा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब कार्य के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन होता है, तब भ्रष्टाचार अपने आप समाप्त हो जाता है।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, निदेशक सतर्कता वी. मुरुगेशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मुहिम केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से ही सफल होगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी भ्रष्ट गतिविधि की सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें ताकि राज्य को भ्रष्टाचारमुक्त बनाया जा सके।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews