Hindi News

रामनगर में गोमांस के शक पर बवाल, हिंदू संगठनों ने मीट कारोबारी की पिटाई की, जांच में हुआ ये खुलासा

Written by:Neha Sharma
Published:
उत्तराखंड के रामनगर में गोमांस ले जाने के शक में कुछ हिंदू संगठनों ने तीन मीट से लदी गाड़ियों को रोककर ड्राइवरों पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला। मौके पर नारेबाजी हुई और हिंदू संगठनों के नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
रामनगर में गोमांस के शक पर बवाल, हिंदू संगठनों ने मीट कारोबारी की पिटाई की, जांच में हुआ ये खुलासा

उत्तराखंड के रामनगर में गुरुवार को गोमांस ले जाने के शक में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कुछ हिंदू संगठनों ने तीन मीट से लदी गाड़ियों को रोककर ड्राइवरों पर हमला कर दिया और बेलपड़ाव पुलिस चौकी में खड़ी एक गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला। घटना के बाद मीट कारोबारियों और उनके परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

रामनगर में गोमांस के शक पर बवाल

जानकारी के मुताबिक, रामनगर में लंबे समय से सेल्टर हाउस के संचालन पर रोक लगी हुई है। इस कारण स्थानीय कारोबारियों को मीट की सप्लाई बरेली और संभल की फैक्ट्रियों से करनी पड़ रही है। गुरुवार को बरेली से मीट लेकर आ रही तीन पिकअप गाड़ियों को कुछ हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों ने रोक लिया। मौके पर पहुंचे बेलपड़ाव चौकी इंचार्ज ने मीट और गाड़ियों के सभी कागज चेक किए और सब कुछ सही पाए जाने पर वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी।

लेकिन कुछ ही देर बाद छोई इलाके में उन गाड़ियों को फिर से रोक लिया गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि गाड़ियों में गोमांस लाया जा रहा है। इसके बाद भीड़ ने ड्राइवर की पिटाई शुरू कर दी और पुलिस चौकी में खड़ी मीट से लदी गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। मौके पर नारेबाजी हुई और हिंदू संगठनों के नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

कुरैशी समाज ने विरोध जताया

घटना की जानकारी मिलने पर कुरैशी समाज के लोग थाने पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सबूत के उनके समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर के सीओ सुमित पांडे और कोतवाल सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।

सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पुलिस ने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर मीट के नमूनों की जांच कराई है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में गोमांस जैसा कुछ भी नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नमूने आगे लैब भेजे गए हैं और उनकी अंतिम रिपोर्ट शुक्रवार तक आ जाएगी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति अब नियंत्रण में है।