मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपना 50वां जन्मदिन बेहद सादगी से मनाया। न कोई बड़ा आयोजन हुआ, न कोई दिखावा। उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया और निजी संदेशों के जरिए उन्हें बधाई दी। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर धामी ट्रेंड कर रहे थे और टॉप टेन में जगह बनाई। आम जनता से लेकर नेताओं तक सभी ने उनके काम की सराहना की। जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री ने कोई विशेष कार्यक्रम नहीं रखा और इसे सामान्य दिनों की तरह ही कार्य में व्यस्त रहते हुए मनाया।
नेताओं ने दी बधाई, विकास की कामना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री धामी राज्य के चहुंमुखी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि धामी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण और देवभूमि की प्रगति के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी, धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, डॉ. मनसुख मांडविया, राज्यपाल गुरमीत सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा, राजस्थान, एमपी के मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शुभकामनाएं भेजी। सभी ने धामी के नेतृत्व की तारीफ की।
जन्मदिन पर आपदा क्षेत्र में डटे रहे मुख्यमंत्री
धामी ने जन्मदिन के दिन कोई जश्न नहीं मनाया। इसके बजाय वे देहरादून में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों में खुद जाकर राहत कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर उन्होंने प्रशासन और प्रभावित लोगों से बातचीत की। यह उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। मुख्यमंत्री का यह कदम जनता में उनके प्रति सम्मान और विश्वास बढ़ाने वाला रहा। सोशल मीडिया पर उनकी यह तस्वीरें खूब साझा की गईं, जिसमें वे आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़े नजर आए।
राजनीतिक और सामाजिक दिग्गजों ने दी शुभकामनाएँ
पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने आए। उन्होंने कहा कि धामी प्रदेश के विकास और सुशासन के लिए प्रेरणादायक काम कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी मुलाकात कर बधाई दी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी धामी को शुभकामनाएं भेजीं। सभी नेताओं ने धामी के नेतृत्व, जनकल्याण की भावना और उनके संकल्प की प्रशंसा की। यह जन्मदिन सेवा और काम के प्रति उनकी जिम्मेदारी को लेकर विशेष बन गया।





