
उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर देहरादून के पास स्थित सहस्त्रधारा की ओर जा रहा था, इसी दौरान हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बता दें कि यह घटना ऐसे समय हुई है, जब उत्तराखंड के कई इलाकों में खराब मौसम बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है।
बता दें कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। UCADA के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसी दौरान ट्रैकिंग सिस्टम ने भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाना बंद कर दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की तलाश शुरू की गई।
पायलट समेत कुल 6 लोग थे सवार
UCADA ने आगे बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। जिसमें 5 यात्री और एक पायलट शामिल है। जिनकी पहचान पायलट कैप्टन हिमांशु और यात्रियों के नाम प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के, एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानें रोक दी गई हैं।
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह खुद पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा, सीएम ने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
पूर्व सीएम हरीश रावत बोले- यह बेहद दुखद घटना
जोशीमठ के पास हुये हेलीकॉप्टर हादसे पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनो को खोया है। हरीश रावत ने कहा कि इस घटना की जांच होगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सुधार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। हवाई सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिये।
