Hindi News

UK NEWS: भाजपा में कुमाऊं के नेताओं का दबदबा बढ़ा, प्रदेश कार्यकारिणि में 17 नेताओं को मिली जगह, जानिए कौन-कौन हुए शामिल

Written by:Vijay Choudhary
Published:
UK NEWS: भाजपा में कुमाऊं के नेताओं का दबदबा बढ़ा, प्रदेश कार्यकारिणि में 17 नेताओं को मिली जगह, जानिए कौन-कौन हुए शामिल

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में कुमाऊं के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। कुल 17 नेताओं को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें नैनीताल जिले के छह नेताओं को शामिल किया गया है। प्रदेश महामंत्री रहे राजेंद्र सिंह बिष्ट को अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री, साकेत अग्रवाल को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, कौस्तुभानंद जोशी को प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक और प्रदीप जनौटी को प्रदेश मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

अन्य जिलों के नेताओं को भी मिली भागीदारी

रुद्रपुर से तीन, काशीपुर से दो, पिथौरागढ़ से तीन, जबकि चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा से एक-एक नेता को टीम में शामिल किया गया है। सभी नेताओं ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की मजबूती पर विशेष ध्यान देंगे। कुमाऊं के नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और संगठन की जड़ों को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही संगठन में संतुलन बनाकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

पार्टी के लिए समर्पण और भरोसा

प्रदेश उपाध्यक्ष बने राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी के लिए उनका 35 वर्षों का त्याग है और पार्टी में परिश्रम करने वाले नेताओं को कभी नजरअंदाज नहीं किया जाता। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने भाजपा को अपना परिवार बताया और कहा कि परिवार की तरह मिल रही जिम्मेदारी से वे बेहद खुश हैं। प्रदेश सह कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि समर्पण और त्याग देखकर उन पर भरोसा किया गया है और वे पार्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

किसान मोर्चे में भी कुमाऊं का दबदबा

नई प्रदेश टीम में नैनीताल जिले के चोपड़ा, ज्योलिकोट निवासी महेंद्र सिंह नेगी को किसान मोर्चे का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वे दो बार भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि वे किसान हितों को लेकर काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उनका चयन कुमाऊं के नेताओं की बढ़ती भूमिका का प्रतीक माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र की राजनीतिक ताकत और बढ़ेगी।

Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews