उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच फंसे ट्रैकर्स को निकालने के लिए चल रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ऑडेन कोल (Auden’s Col) क्षेत्र से सभी 29 ट्रैकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी को हर्षिल हेलिपैड लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां उनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। इसके बाद सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। कालिंदी पास क्षेत्र में भी ट्रैकर्स को निकालने के लिए हेली रेस्क्यू लगातार जारी है। ऊंचाई और दुर्गम इलाका होने के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण है और इससे जुड़े सभी विभागों को इसमें लगाया गया है।

दिल्ली से CM धामी ने लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बर्फबारी प्रभावित इलाकों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया जाए। रेस्क्यू किए गए लोगों को जरूरत के मुताबिक चिकित्सा सहायता देने के साथ उनके भोजन और दूसरी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। CM धामी ने कहा, “उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक हमारा अतिथि है। प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य का दायित्व है।”

हर्षिल पहुंचते ही ट्रैकर्स को दिया गया प्राथमिक उपचार

ऑडेन कोल से निकाले गए सभी 29 ट्रैकर्स को हर्षिल हेलिपैड पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच के बाद सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। इसके बाद ट्रैकर्स सुरक्षित अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स ने दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में चलाए गए अभियान के लिए सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना भी की है।

कालिंदी पास में अभी जारी है हेली रेस्क्यू

ऑडेन कोल में सभी ट्रैकर्स को निकालने के बाद अब कालिंदी पास क्षेत्र में अभियान जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) उत्तरकाशी के मुताबिक यहां भी हेली रेस्क्यू लगातार चल रहा है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की निगरानी में संबंधित विभाग ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए अभियान में जुटे हैं।

बारिश से खराब सड़कों को जल्द ठीक करने के निर्देश

रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी लेने के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, बंद सड़कों को खोलने और बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत तेजी से करने के निर्देश दिए।

उत्तरकाशी DM, प्रशांत आर्य