Agar Malwa News: कलेक्टर की कार्यशैली से नाराज पत्रकारों ने CM मोहन यादव को सौंपा ज्ञापन, बोले- जिले से हटाइए

आगर प्रवास के दौरान हेलीपेड पर मुख्यमंत्री से मिले पत्रकार; कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना को हटाने की मांग, इससे पहले उनकी कार्यशैली के खिलाफ पास कर चुके हैं निंदा प्रस्ताव
CM Mohan Yadav

आगर मालवा में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की कार्यशैली से नाराज पत्रकारों की शिकायत अब सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंच गई है। रविवार को मुख्यमंत्री के आगर प्रवास के दौरान पत्रकार हेलीपेड पर उनसे मिले और ज्ञापन सौंपकर कलेक्टर को जिले से हटाने की मांग की। उनका कहना है कि कलेक्टर उनसे न तो ठीक से संवाद कर रहे हैं और न ही प्रशासन और मीडिया के बीच पहले जैसा तालमेल रह गया है।

यह नाराजगी पिछले कुछ दिनों से चल रही है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले जिले के पत्रकारों ने बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की थी। इसमें कलेक्टर के व्यवहार को लेकर सवाल उठे और सर्वसम्मति से उनकी कार्यशैली के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया।

हेलीपेड पर CM के सामने रखी बात

मुख्यमंत्री के आगर पहुंचने पर पत्रकारों ने सीधे उनसे मुलाकात की। उन्होंने बताया कि प्रशासन से सहज बातचीत नहीं होने के कारण कई बार परेशानी होती है। अधिकारियों और मीडिया के बीच बातचीत बनी रहे, ताकि लोगों से जुड़े मामलों और प्रशासन के फैसलों की जानकारी आसानी से सामने आ सके।

पत्रकारों ने यह भी कहा कि जिले में पहले अधिकारियों और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल रहा है, लेकिन मौजूदा स्थिति को लेकर उनमें नाराजगी बढ़ी है।

मांग- कलेक्टर को हटाकर दूसरे अधिकारी को भेजें

ज्ञापन में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा से हटाने की मांग की गई है। पत्रकार चाहते हैं कि जिले में ऐसे अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाए, जो पत्रकारों के साथ जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से भी सहजता से बात करे और उनकी बात सुने। अब पत्रकारों ने अपनी शिकायत और मांग दोनों सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख दी हैं।

आगर मालवा से गौरव सरवारिया की रिपोर्ट

Gorav Sarvariya
लेखक के बारे में
Gorav Sarvariya

पांच वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में.

पत्रकारिता के क्षेत्र में पांच वर्षों का अनुभव है। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक विषयों पर रिपोर्टिंग, लेखन में दक्षता। डिजिटल मीडिया और प्रिंट पत्रकारिता दोनों प्लेटफॉर्म्स पर अनुभव View all posts by Gorav Sarvariya →
Follow Us :GoogleNews