मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस का अभियान लगातार जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुये मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कस रही है और अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। इसी कड़ी में.. आलीराजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

जानकारी अनुसार, जिले में पुलिस ने एक सीमेंट कंटेनर में छिपाकर हरियाणा से गुजरात ले जाई जा रही कुल 1426 पेटी अवैध शराब जब्त की है जिसकी मात्रा 12,505 बल्क लीटर है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है।

चेकिंग के दौरान पकड़ा सीमेंट कंटेनर

बता दें कि थाना चांदपुर पुलिस को अपने मु​खबिर से सूचना मिली थी कि एक सीमेंट कंटेनर में भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस एक्टिव हो गई। इसके बाद.. पुलिस ने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान एक राजस्थान पासिंग सीमेंट कंटेनर (RJ11GB3066) को रोका। पुलिस ने जब सीमेंट कंटेनर की तलाशी ली तो अंदर अवैध शराब की पेटियां रखी हुईं थी। पुलिस की टीम ने सभी शराब की पेटियों को बाहर निकाला।

कंटेनर से कुल 1426 पेटी अवैध शराब जब्त

जानकारी अनुसार, पुलिस ने कंटेनर से कुल 1426 पेटी अवैध शराब जब्त की है। जिसकी मात्रा 12,505 बल्क लीटर है। इस खेप में मुख्य रूप से रॉयल चैलेंज, ऑल सीजंस और सुपर जुबली व्हिस्की शामिल हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 92,10,300 रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किये जा रहे सीमेंट कंटेनर की कीमत करीब 70,00,000 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह यह शराब पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के नरवाना से भरकर लाया था। पुलिस को चकमा देने के लिये राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के कई जिलों को पार कर यह खेप सीधे गुजरात के बड़ौदा ले जाई जा रही थीं। आरोपी की पहचान माराम (उम्र 30 साल), पिता सगराराम जाट के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज आगे की जांच शुरू कर दी है।