मध्यप्रदेश के कई जिलों में बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता विरोध जता रहे हैं, वहीं विपक्ष भी इन मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है। इसी बीच, सीहोर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली समस्याओं को लेकर जन-आक्रोश चरम पर है।
बता दें कि जिले के इच्छावर में यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सरकार एवं विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आजाद चौक पर सुबह से ही बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता एकत्रित हो गये थे। इस दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बोरछी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं विद्युत विभाग के खिलाफ पैदल मार्च शुरू कर दिया।
बता दें कि इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुये हाथों में पोस्टर और ज्ञापन लेकर शहर के विभिन्न मार्गों के होते हुये सीधा तहसील कार्यालय पहुंच गये। जहां कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को रखते हुये मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम तहसीलदार गजेंद्र सिंह लोधी को ज्ञापना सौंपा।
यूथ कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपते हुये रखीं मांगें
ज्ञापन के माध्यम से यूथ कांग्रेस ने अपनी विभिन्न मांगे रखी हैं। ज्ञापन के अनुसार मांग की गई है कि.. जिले और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही 8 से 10 घंटे की अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिजली कटौती का समय, कारण और अवधि सार्वजनिक की जाए, ताकि किसानों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो। स्मार्ट मीटर में धांधली, गलत रीडिंग और भारी-भरकम बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर मनमाने बिलों में सुधार किया जाए। कृषि कार्य, पेयजल और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
यूथ कांग्रेस की प्रशासन को चेतावनी
जानकारी अनुसार, प्रदर्शन करते एवं ज्ञापन सौंपते हुये यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है। पदाधिकारियों ने कहा कि.. अगर जल्दी ही क्षेत्र में सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और ओवरबिलिंग व स्मार्ट मीटर की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जायेगा।





