समूह के नाम पर ठगी, कई गांव के लोगों से हजारों लेकर फरार

समूह के नाम पर ठगी, कई गांव के लोगों से हजारों लेकर फरार

अशोकनगर, हितेंद्र बुधौलिया| शाढ़ौरा क्षेत्र के ग्राम पहाड़ा, झागर व हिनोतिया सहित कई गांवों में समूह बना कर लोन फाइनेंस करने का झांसा देकर फर्जी फायनेंस कंपनी (Finance Company) के नुमाइंदे बन कर आये लोगों द्वारा हजारों की ठगी (Fraud) करने का मामला प्रकाश में आया है। दो दर्जनसे अधिक पीड़ितों ने आज गुरुवार को स्थानीय थाने में आकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू इंडिया आदर्श माईक्रो फायनेंस कंपनी की गुना शाखा की ओर से कुछ दिन पहले दो लोग इन गांवों में पहुंचे और लोगों से बातचीत कर उन्हें महिला समूह बनाने की सलाह देकर उन्हें कम्पनी से 60 हजार रुपये का समूह लोन वितरण करने की बात कही। जिसे बहुत ही कम ब्याज के साथ मात्र 2330 रुपये की मासिक किश्त के साथ ढाई साल में चुकाना होगा। लोगों ने झांसे में आकर पहाड़ा में 13 महिलाओं का समूह बना लिया इसी तरह झागर व हिनोतिया गांवों में भी महिलाओं का समूह बना लिये। ठग लगातार तीन दिन तक इन गांवों में ग्रामीणों के पास आते रहे तथा पिछले मंगलवार को लोगों से लोन स्वीकृत होने के लिए बीमा की अनिवार्यता बताते हुए उनसे प्रत्येक सदस्य से1800 रुपये के हिसाब से करीब 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर ले गए ।

ठगों द्वारा राशि लेने के साथ अगले दिन बुधवार को लोन की राशि वितरित किये जाने की बात कही गई थी। जब बुधवार को लोगों ने उन्हें फोन लगाया तो वह बंद था । लगातार फोन बंद आने पर लोगों को शंका हुई और उन्हें समझ में आया कि उनके साथ धोकाधड़ी हुई है तब उन्होंने थाने में आकर पुलिस से मामले की शिकायत की।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त ठग क्षेत्र के ग्ला व मथनेर आदि कई अन्य गांवों में भी पहुंचे और वहां भी लोगों से इसी तरह महिला समूह बनाने की बात कर ठगी करने का प्रयास किया गया था। लेकिन वहां लोग इनके झांसे में नहीं आये और ठगने से बच गए।

सियाराम सिंह गुर्जर थाना प्रभारी शाढ़ौरा ने बताया कि लोगों ने ठगी किये जाने की शिकायत की है। जिसकी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वह सजग रहें और इस तरह से यदि कोई भी किसी भी कंपनी की ओर से आकर लाभ का प्रलोभन दे तो उसकी पूरी तहकीकात करें तथा पुलिस को सूचना देकर उसका वेरिफिकेशन जरूर कराएं ताकि लोग इस तरह की धोखाधड़ी के शिकार न हों।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews