आंखो में मिर्ची झोंककर लूट करने वाले इनामी बदमाश गिरफ्तार

आंखो में मिर्ची झोंककर लूट करने वाले इनामी बदमाश गिरफ्तार

बालाघाट। सुनील कोरे| 2 जुलाई को दोपहर लगभग 3.30 बजे खांदीटोला नहर के पास बकरी खरीददार तिरोड़ी निवासी हितेश पारधी की आंखो में मिर्ची झांेककर 54 हजार 5 सौ रूपये की लूट करने वाले महाराष्ट्र के चार आरोपियों को तिरोड़ी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और निर्देशन में 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। तिरोड़ी पुलिस की मानें तो पकड़ाये गये चार आरोपियो में एक आरोपी न्यू कोराडी वार्ड नंबर 2 निवासी 35 वर्षीय दीपक पिता घनश्याम निमोने महाराष्ट्र नागपुर के कोराडी थाने में लांसनायक के पद पर पदस्थ है।

लूट मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों में महाराष्ट्र नागपुर के कोराडी थाना अंतर्गत कोराडी नुर नगर निवासी 23 वर्षीय अनिल पिता कृष्णाजी उमरे, पांचपावली थाना अंतर्गत चार खंबा राजा बेकरी के पास टेकानगर निवासी 19 वर्षीय इरशाद पिता रशीद खान, 20 वर्षीय कोराडी के महादुला देवीमंदिर रोड फूले नगर वार्ड नंबर 1 निवासी 20 वर्षीय आकाश पिता हेमराज बोपचे और न्यू कोराडी वार्ड नंबर 2 निवासी 35 वर्षीय दीपक पिता घनश्याम निमोने है। जिन्हें पुलिस ने न्यायालय में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस को पता चला कि आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र के थानो में अपराध दर्ज है, आरोपी आदतन आरोपी होने से रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस को कई और जानकारी मिलने की संभावना है।

पुलिस की मानें तो आरोपियों ने घटना दिनांक 2 जुलाई को बैंक एटीएम से पीड़ित को रूपये निकालते देखा और रैकी कर उसका पीछा करने लगा। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने स्वीप्ट कार के नंबर को कीचड़ लगा दिया और वह पीड़ित का पीछा करते रहे, इस दौरान ही खांदीटोला नहर के पास पीड़ित की मोटर सायकिल के सामने कार अड़ाकर उसकी आंखो में मिर्ची झोंककर मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गये। पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी भी बकरी चोर थे, जो महाराष्ट्र से वाहन में आकर बकरी चोरियों की वारदात को अंजाम देकर चले जाते थे। घटना दिनांक को भी आरोपी ख्वासा से दो बकरियों की चोरी कर लौट रहे थे, इस दौरान ही उन्हें पीड़ित हितेश पारधी बैंक एटीएम से राशि निकालकर गिनते हुए दिखाई दिया। जिसके बाद रैकी कर आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

दिनदहाड़े लूट की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी थी। जिसके चलते पुलिस महानिरीक्षक, उपपुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन और निर्देशन में तिरोड़ी पुलिस ने लूट करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 394 का मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी द्वारा लूट के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था।

लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी लेकर तिरोड़ी पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले के अलावा महाराष्ट्र में भी लगातार सक्रिय होकर आरोपियों की तलाश कर रही थी, इस दौरान ही कार और बताये गये हुलिया के अनुसार आरोपी लांजी क्षेत्र में दिखाई दिये। जिसे लांजी पुलिस ने पकड़ने के बाद तिरोड़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तिरोड़ी पुलिस ने लूट के सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे लूटी गई रकम और वारदात में प्रयोग की गई स्वीप्ट कार क्रमांक एमएच 31 सीआर 4690 को बरामद किया है। लूट के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में लांजी थाना प्रभारी संतोष पंद्रे, कटंगी थाना प्रभारी कमल निगवाल, उपनिरीक्षक राकेश बघेल, तिरोड़ी प्रभारी मानसिंह चौधरी, एएसआई जी.एल. अहिरवार, आरक्षक नरेन्द्र सोनवे, राघवेन्द्र सिंह, दीपक शर्मा, चंद्रपाल कोसरे, परमानंद भगत, नासीर अली, उमेश पटेल, नीरज सनोडिया, नागेश बघेल, हेमंत बघेल, सुजान बघेल, अभिषेक जैन, विवेक ठाकरे, शाबिया का सराहनीय योगदान रहा। जिन्हें ईनाम की राशि से पुरस्कृत किया जायेगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews