बालाघाट पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 किलो गांजा के साथ कपड़ा व्यवसायी गिरफ्तार, एक फरार

balaghat news

Balaghat News : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में कपड़ा व्यवसाय की आड़ में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में संलिप्त परसवाड़ा के ग्राम शेरपार निवासी 24 वर्षीय मोहित पिता संतोष चतुर्वेदी को लालबर्रा पुलिस ने 25 किलो 682 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। जबकि इसके साथ कपड़े दुकान में काम करने वाले गांजा तस्करी में सहयोगी प्रेम परते पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। घटना 27-28 फरवरी की दरमियानी रात्रि की है।

क्या है पूरा मामला

पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस कंट्रोल रूप में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि आरोपी मोहित की परसवाड़ा में कपड़ा दुकान है, जो अपने साथ दुकान में काम करने वाले कर्मी के साथ गांजा का व्यापार करता है, जो नैनपुर, मंडला सहित अन्य स्थानो पर गांजा विक्रय करता है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी मोहित मादक पदार्थ गांजा मामले में परसवाड़ा और ग्रामीण थाना में गिरफ्तार हो चुका है। जो वर्तमान में जमानत पर था। पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि रामपायली-वारासिवनी क्षेत्र से मोहित अपने साथी प्रेम परते के साथ बड़ी मात्रा में गांजा लेकर परसवाड़ा की ओर जा रहा है। जिस सूचना पर लालबर्रा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने बकोड़ा में नाकाबंदी की। जिसे देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, लेकिन आरोपी प्रेम परते भागने में कामयाब हो गया। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी मोहित चतुर्वेदी के पास से बरामद गांजा को तौला गया तो वह 25 किलो 682 ग्राम निकला। जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रूपए है। जिसमें लालबर्रा पुलिस ने आरोपी मोहित चतुर्वेदी और फरार आरोपी प्रेम परते के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया है।

ganja

सूत्रो की मानें तो जिले के एक बड़े गांजा व्यापारी से मोहित के इस व्यापार में काफी अच्छे संबंध है। जो ही मोहित को गांजा सप्लाई करता है। उड़ीसा से व्यापारी तक आने वाले गांजे को मोहित चतुर्वेदी, परसवाड़ा सहित इससे लगे क्षेत्रो में छोटे लोगों को संपर्क करता है। आरोपी से मिली प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी से पुलिस को कई अहम सुराग मिले है। जिससे बालाघाट पुलिस, मंडला पुलिस से भी संपर्क में है। वहीं आरोपी से पुलिस को बड़े व्यापारी की भी जानकारी मिली है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। संभावना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थ के व्यापार से संबंधित और कई अहम सुराग मिल सकते है।

बालाघाट से सुनील कोरे की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews