MPPSC Exam Prisoner News : कैदी की चाह ; मैं भी बनूंगा अफसर, कड़ी सुरक्षा के बीच दिया पीएससी का एग्जाम

balaghat news

MPPSC Exam Prisoner News : मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में एक कैदी को भी शामिल होने का अवसर मिला है। परीक्षा नोडल अधिकारी राहुल नायक ने बताया कि जिस तरह शिक्षा का अधिकार सभी को है, उसी तरह एक कैदी को अपनी योग्यता साबित करने का अवसर दिया गया। फिर वह आम या विचाराधीन कैदी ही क्यों ना हो? शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में बने केन्द्र में उपजेल बालाघाट के एक कैदी ने परीक्षा दी है। 17 दिसंबर को शहर के सभी 13 केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा और निगरानी के पूरे इंतजाम किए गए थे।

एसडीएम नायक ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार सभी नियमों का पालन किया गया। दो पालियों में हुई परीक्षा में पहली पाली में 4201 ने परीक्षा दी, जबकि 1501 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 4152 ने परीक्षा दी और 1550 अनुपस्थित रहे। जिले में कुल 5702 परीक्षार्थियों के लिए 13 केंद्र बनाए गए थे।

कलेक्टर ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

मिली जानकारी के अनुसार आयोग से निर्धारित दो पालियों में परीक्षा हुई। पहली पाली परीक्षा सुबह 10 बजे से और दूसरी पाली में 2.15 बजे से परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने परीक्षा के लिए बनाए गए केन्द्र पीजी कॉलेज एवं महर्षि स्कूल का निरीक्षण किया। साथ ही अपर कलेक्टर ओपी सनोडिया एवं अन्य अधिकारियों तथा उड़नदस्ते ने केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

बालाघाट से सुनील कोरे की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews