रक्षाबंधन के अगले दिन 29 अगस्त, शनिवार को बालाघाट में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। इस दौरान वे समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों के साथ समीक्षा और विभिन्न वर्गों से संवाद भी करेंगे।
शनिवार को सीएम यादव बालाघाट पहुंचने के बाद फील्ड विजिट के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण करेंगे और फिर सांदीपनि विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. यादव जनसंवाद, उद्यमियों से संवाद तथा युवा संवाद करेंगे। इसके साथ ही वे अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
इसके अलावा सीएम द्वारा समाधान ऑनलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी सुनवाई की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री मीडिया संवाद करेंगे। जनविश्वास अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय आवासीय संस्थाएं, उदाहरणार्थ आवासीय विद्यालय, आश्रम, छात्रावास आदि का भ्रमण तथा निरीक्षण अनिवार्यत: किया जाएगा। इन संस्थाओं में रहने वाले छात्र छात्राओं और युवाओं से संवाद के साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा भी की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुमार सत्यम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
बता दें कि 28 अगस्त, शुक्रवार को रक्षाबंधन का अवकाश होने के कारण 29 अगस्त को संपूर्ण प्रदेश में जनविश्वास अभियान आयोजित होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागाध्यक्ष के अलावा कलेक्टर्स और कमिश्नर सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को इस संबंध में निर्देश जारी किए है। प्रदेश के सभी जिलों में भी जन विश्वास अभियान 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा।






