
Betul News : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के ग्राम में व्याप्त पेयजल संकट से जूझ रही महिलाएं आज खाली बर्तन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां उन्होंने अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन किया। बता दें कि चिचोली विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाटाखेड़ा के गांव टाढर एवं कहूपानी में 400 मकान है, जिसकी कुल जनसंख्या 3,000 के आसपास है। यहां के ग्रामीण कृषि और मजदूरी किया करते है। वहीं, आज महिलाओं ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर पेयजल समस्या का निराकरण कर पानी की व्यवस्था बनाने के निर्देश देने की मांग की है।
ग्रामीणों में रोष
बता दें कि ग्राम पंचायत पाटाखेड़ा के ग्राम टाढर में नलजल योजना के तहत पीएचई विभाग/ग्राम पंचायत द्वारा पेयजल समस्या के निवारण के लिए टंकी निर्माण कार्य किया गया था, जिसमें ठेकेदार द्वारा लापरवाही कर घटिया सामग्री का उपयोग कर पानी की टंकी को भूमिगत रूप में बनाया गया है जो बनने के बाद से ही खराब स्थिति में है, जिसके कारण गांववालों में रोष देखने को मिल रहा है।
[dgv_vimeo_video id=”899779623″]
समस्या का निराकरण करने की लगाई गुहार
ग्रामीणों का कहना है कि भूमिगत पानी की टंकी के स्थान पर बड़ी पानी की टंकी का निर्माण करवाना चाहते है। वर्तमान में हमारे ग्राम में पेयजल की समस्या निरंतर बनी हुई है, जिससे पीने योग्य पानी की उपलब्धता ग्राम में नहीं हो पा रही है। हमारे ग्राम टाढर में नलजल योजना को स्वीकृत हुए 2 वर्ष से अधिक समय हो चुका है लेकिन आज भी पेयजल समस्या जैसी की तैसी बनी हुई है। आगे ग्रामीणों ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से हमने आवेदन पत्र प्रस्तुत कर इन समस्याओं से अवगत कराया था। फिर भी अभी तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
[dgv_vimeo_video id=”899777571″]
[dgv_vimeo_video id=”899781306″]
बैतूल से वाजिद खान की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

