मंत्रीजी को महिला की खरी-खरी- “क्या हुआ तेरा वादा”

मंत्रीजी को महिला की खरी-खरी- “क्या हुआ तेरा वादा”

पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे को उनके ही विधानसभा क्षेत्र में भरे मंच से एक महिला ने जमकर खरी-खरी सुनाई। मामला मुलताई के जौलखेड़ा गांव का है जहां मंत्रीजी मुख्यमंत्री ग्रामीण हाट बाजार का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उद्घाटन के बाद वे जैसे ही मंच पर पहुंचे और अपनी सरकार के काम का बखान करना शुरू किया कि एक महिला मंच पर आ गई और सीधे सुखदेव पांसे से जवाबतलब करने लगी।

आशा दौड़के नाम की इस ग्रामीण महिला ने पूरी ठसक से पीएचई मंत्री को उनके घोषणा पत्र में किये गये वायदों की न सिर्फ याद दिलाई बल्कि सीधे-सीधे पूछ लिया कि आखिर ये वादे पूरे क्यों नहीं किये जा रहे हैं। ये महिला अपने गांव में शराब की दुकान बंद कराने और उसका ठेका निरस्त करने की मांग कर रही थी। उन्होने बताया कि शराब पीने के कारण उनके गांव में कई लोगों की असमय मृत्यु हो चुकी है साथ ही कई बच्चे भी इस बुरी आदत का शिकार हो गए हैं।

खास बात ये कि जब आशा दौड़के मंच से माइक पर मंत्रीजी से सवाल कर रही थी तो पीछे से एक व्यक्ति ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन सुखदेव पांसे ने उसे मना करते हुए महिला को बात पूरी करने दी। जब वो अपनी बात कह रही थी तो सामने बैठे लोगों ने भी ताली बजाकर उनका समर्थन किया। महिला ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कर्ज़माफी सहित घोषणापत्र में लिखी कई बातों का ज़िक्र किया और इन्हें लेकर सीधे मंत्री महोदय से सवाल कर डाले। बाद में पीएचई मंत्री ने इन सवालों का जवाब देते हुए कहा कि घोषणा पत्र में किये गए सभी वादों पर अमल किया जा रहा है और जल्द ही आशा दौड़के द्वारा ध्यान में लाये गये मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए उनका निराकरण किया जाएगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews