Hindi News

भोपाल के बैरागढ़ में मोरधन का आटा खाने से 24 से ज़्यादा लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

Written by:Sushma Bhardwaj
Published:
जानकारी के मुताबिक, जिस दुकानदार ने यह आटा बेचा था, इससे बने फलाहार के बाद उनकी भी तबियत खराब हो गई है और उसे भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
भोपाल के बैरागढ़ में मोरधन का आटा खाने से 24 से ज़्यादा लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

भोपाल के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मोरधन का आटा खाने से कम से कम 24 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इन सभी को फूड पॉइजनिंग का शक होने पर तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बीमार लोगों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग भी हैं।

देखते ही देखते बिगड़ी तबियत 

संत नगर के वार्ड नंबर चार की बैरिक ए 13 और 14 के निवासियों ने एक स्थानीय किराना दुकान से मोरधन का आटा खरीदा था। इस आटे से बनी चीज़ें खाने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त और चक्कर और घबराहट आने की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते लालवानी परिवार के सदस्यों सहित दो दर्जन से ज़्यादा लोगों की हालत खराब हो गई। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद सभी बीमार लोगों को फौरन बैरागढ़ के किशनानी और डी.के. अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज शुरू हुआ।

इलाज के बाद हालत में सुधार 

अच्छी बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से किसी भी मरीज़ की हालत गंभीर नहीं हुई और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस मामले में एच 7 लेक सिटी कालोनी रहवासी पुरषोत्तम लालवानी की तबियत ज्यादा बिगड़ गयी है, जिसे भोपाल एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मोरधन का आटा खाने के थोड़ी देर बाद ही उनकी तबियत खराब हो गई और उल्टी-चक्कर आने लगे। उन्होंने कहा कि अगर समय पर इलाज नहीं मिलता, तो बड़ी परेशानी हो सकती थी। उनके परिवार के कई सदस्यों, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे, की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें उल्टी और दस्त के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज में होती देर तो जा सकती थे जान

डॉ. दुर्गेश खेमचंदानी की माने तो देर रात कुछ लोग उल्टी, दस्त और चक्कर की शिकायत लेकर उनके अस्पताल आए थे। पूछताछ करने पर पता चला कि मोरधन के आटे के सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। डॉ. खेमचंदानी ने यह भी बताया कि सभी मरीज़ अब ठीक हैं और उन्हें शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट 

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews