मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। वित्त विभाग, मध्य प्रदेश शासन ने महंगाई भत्ता वृद्धि के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद डीए की दर 55 फीसदी से बढ़कर 58 फीसदी हो गई है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ अप्रैल की सैलरी के साथ मई 2026 में दिया जाएगा यानी मई महीने में मिलने वाली सैलरी में 58% डीए के साथ बढ़ी हुई राशि प्राप्त होगी। इसका लाभ प्रदेश के 7.50 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा।
बता दें कि होली से पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य के कर्मचारियों को तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता वृद्धि का ऐलान किया था। इसके बाद 23 मार्च 2026 (सोमवार) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई और अब 2 अप्रैल 2026 को वित्त विभाग ने आदेश जारी किए हैं।
ये भी पढ़ें
राज्य के कर्मचारियों का 3% DA बढ़ा, 6 किस्तों में एरियर का भुगतान
वित्त विभाग के जारी आदेश के अनुसार, सातवें वेतनमान के अंतर्गत कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि की गई है जिसके बाद महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2025 से कुल 58 प्रतिशत देय माना जाएगा। हालांकि कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ 1 अप्रैल 2026 (भुगतान माह मई 2026) से प्राप्त होगा। चुंकी महंगाई भत्ते की नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू होंगी ऐसे में एक जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की एरियर राशि का भुगतान छह समान किश्तों में किया जाएगा। इन किश्तों का भुगतान मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में किया जाएगा।
सेवानिवृत्त और दिवंगत कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान
वित्त विभाग ने जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सेवानिवृत्त हो चुके हैं या जिनका निधन हो गया है, उन्हें अथवा उनके नामांकित सदस्य को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। महंगाई भत्ते की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक राशि को अगले पूर्ण रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को छोड़ दिया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते का कोई भी हिस्सा किसी अन्य प्रयोजन के लिए वेतन का भाग नहीं माना जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि महंगाई भत्ते के भुगतान पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग के स्वीकृत बजट प्रावधान के भीतर ही सुनिश्चित किया जाए।
MP DA HIKE: 465 से 4230 रुपये तक बढ़ेगी सैलरी
3 फीसदी डीए वृद्धि से चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में 465 से 556 रुपये तक, तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में 585 से 1473 तक, द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में 1683 से 2019 रुपये तक तथा प्रथम श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में 2397 से 4230 तक वेतन में वृद्धि होने की संभावना है।
- प्रथम श्रेणी – 2397 से 4230 रुपए
- द्वितीय श्रेणी – 1683 से 2019 रुपए
- तृतीय श्रेणी – 585 से 1473 रुपए
- चतुर्थ श्रेणी – 465 से 556 रुपए
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 3 फीसदी वृद्धि
वित्त विभाग ने प्रदेश के 4.50 लाख पेंशनर्स की महंगाई राहत में 3 फीसदी के भी आदेश जारी कर दिए हैं जिसके बाद महंगाई राहत दर 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गई है। नई दरें जनवरी 2026 से लागू होंगी, ऐसे में जनवरी, फरवरी व मार्च महीने का एरियर भी दिया जाएगा। बढ़ी हुई पेंशन का भुगतान अप्रैल में किया जाएगा। बता दें कि राज्य शासन के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को 01 जनवरी, 2026 से सातवें वेतनमान अंतर्गत 58 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 257 प्रतिशत पेंशन राहत स्वीकृत करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के 9 फरवरी, 2026 के पत्र पर सहमति प्रदान की गई।