सोनिया के इशारे पर बयान दे रहे कमलनाथ- गोपाल भार्गव

सोनिया के इशारे पर बयान दे रहे कमलनाथ- गोपाल भार्गव

भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ के आरएसएस पर दिए गए बयान को लेकर बवाल मच गया है। दरअसल शनिवार सुबह मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओर से जारी की गई एक विज्ञप्ति में कहा गया था कि आरएसएस जिस तरह से जनगणना में आदिवासियों को हिंदू धर्म का होने के लिए बताने का अभियान चलाने वाली है, वह घोर आपत्तिजनक है और इसे लेकर सरकार आरएसएस के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करेगी। कमलनाथ की विज्ञप्ति में यह भी लिखा गया था कि आदिवासियों की अपनी अलग संस्कृति है और उन्हें आरएसएस अपने साहित्य में हमेशा वनवासी बताती रही है। अब राजनीतिक लाभ के लिए एक बार फिर आरएसएस उनका दुरुपयोग करना चाहती है।

इस विज्ञप्ति पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के आदिवासियों का धर्म परिवर्तन करके उन्हें ईसाई बनाना चाहते हैं और यह सब वह कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के इशारे पर कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि पहले भी सनातन धर्म के साथ बहुत खिलवाड़ हो चुका है और कमलनाथ जी अब खिलवाड़ को बंद करें। आदिवासी आदिकाल से सनातन संस्कृति हिंदू धर्म का अभिन्न अंग रहा है और गरीब वनवासी शबरी के झूठे बेर भगवान राम के द्वारा खाना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। सनातन धर्म को सबसे ज्यादा पोषित और पल्लवित करने का काम वनवासी वर्ग ने ही किया है, चाहे वह द्वापरयुग रहा हो या त्रेतायुग। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह बयान आपत्तिजनक है और इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष के इस बयान के बाद लगता है कि यह मामला अभी फिलहाल थमेगा नहीं बल्कि आगे तूल ही पकड़ेगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews