
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर रविवार शाम को आग लगने से हड़कंप मच गया। आग वर्मा ट्रेवल्स की बस में लगी फिर आसपास खड़ी उसी कंपनी की दूसरी बसों तक फैल गई। इनमें नागपुर-अहमदाबाद और सूरत रूट की बसें शामिल हैं। बसों में लगी आग की ऊंची उठती लपटें और धुएं का काला गुबार देखकर यात्रियों और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 से 20 गाड़ियां, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद आसपास खड़ी सभी बसों को तत्काल हटाया गया। ISBT पर उस समय 50 से ज्यादा बसें मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
करीब आठ बसें जलकर खाक
वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा ने बताया कि शुरुआत में दो से तीन बसों में आग लगी थी। इसके बाद आग फैलने से करीब आठ बसें जलकर खाक हो गईं। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां सूचना मिलने के 15 से 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग कैसे लगी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन कॉन के माध्यम से आग की सूचना दी गई थी।
दीपक वर्मा के अनुसार, आग में जली आठों बसें गुजरात के अहमदाबाद, सूरत सहित कई अन्य शहरों के लिए जाने वाली थीं। इन बसों में यात्रियों की बुकिंग भी थी, जिसे हादसे के बाद रद्द कर दिया गया।
आग लगने की घटना की जांच में जुटी पुलिस
वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा ने कहा कि उनकी किसी से कोई बुराई या दुश्मनी नहीं है। हालांकि, आग लगने के कारणों की वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बसों में आग कैसे लगी। पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया है।
