भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार ने बागेश्वर धाम महाराज को दी चुनौती ’10 मिनिट में कर देंगे एक्सपोज’

भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार ने बागेश्वर धाम महाराज को दी चुनौती ’10 मिनिट में कर देंगे एक्सपोज’

Journalist of Bhopal challenged Bageshwar Dham Maharaj : बागेश्वर धाम के महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में उन्होने पत्रकारों के लिए जिस भाषा का प्रयोग किया है, उसे लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। इसी बीच भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार गोविंद गुर्जर ने उन्हें चुनौती दी है और कहा है कि वो उनके पाखंड का खुलासा दस मिनिट में कर देंगे।

फिर उठा नया विवाद

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार और चमत्कारों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। नागपुर की अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति ने उनके ऊपर जादू टोना और अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया है और पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। उनपर जादू टोने और अंधविश्वास को बढ़ावा देने का आरोप है। लेकिन बाबा लगातार इन आरोपों को नकारते रहे हैं और उनके पक्ष में भक्तों की बड़ी भीड़ भी है जिसमें आम आदमी से लेकर नेता, अभिनेता, बिजनेसमैन और तमाम सेलिब्रिटी शामिल है। इसी बीच एक टीवी चैनल के पत्रकार से बात करते हुए और लोगों के ‘मन की बात’ जान लेने का डेमो देते हुए उन्होने जिस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग किया..उसने फिर बवाल मचा दिया है। उन्होने कहा कि ‘आज के बाद अब अंधविश्वासी कहना बंद कर देना वरना नंगा कर दिया जाएगा। हम हनुमान जी के सेवक हैं उनकी कृपा को पाया है। आज के बाद हम किसी को प्रमाण पत्र नहीं देंगे और सफाई नहीं देंगे ये शपथ गद्दी से लेते हैं।’

वरिष्ठ पत्रकार ने दी चुनौती

अब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भोपाल के एक वरिष्ठ पत्रकार गोविंद गुर्जर ने चुनौती दी है। उन्होने कहा है कि वो सिर्फ दस मिनिट में उनके पाखंड को एक्सपोज़ कर देंगे। गोविंद गुर्जर ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘दुनिया बनाने वाली शक्ति के अलावा कोई नहीं,जो किसी के मन की बात जान सके,ऐसे दावे ट्रिक्स और चालाकी से ज्यादा कुछ नहीं,हैरानी है ऐसे लोगों पर,जो मौका मिलने पर भी धीरेन्द्र जी के इस पाखंड को एक्सपोज नहीं कर सके! मैं देता हूं चुनौती,10 मिनट में पर्चे के पाखंड को एक्सपोज कर सकता हूं।’

उन्होने कहा कि वे सनातन धर्म पर विश्वास करते हैं लेकिन पाखंड और आडंबर का विरोध करते हैं। किसी भी तरह की अंधश्रद्धा को बढ़ावा देना बिल्कुल ठीक नहीं इसीलिए वो बागेश्वर धाम महाराज को खुली चुनौती दे रहे हैं। उनका ये ट्वीट कुछ ही समय में वायरल हो गया है और देशभर के कई नामी पत्रकार और जानी मानी हस्तियों ने इसे रिट्वीट भी किया है। पत्रकारों का बड़ा तबका गोविंद गुर्जर के समर्थन में सामने आ गया है और उनके इस जज़्बे की तारीफ भी कर रहा है। ऐसा नहीं है कि इस चुनौती की खबर बाबा धीरेंद्र शास्त्री को नहीं होगी। चप्पे-चप्पे पर चमत्कारिक नजर रखने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने पत्रकार गोविंद गुर्जर के चुनौती वाले ट्वीट को अब तक निश्चय ही देख लिया होगा, क्योंकि ट्वीट को पिछले 24 घंटों में लाखों लोग देख चुके हैं। अब देखता होगा कि नागपुर की अंधविश्वास उन्मूलन समिति की तरह क्या बाबा पत्रकार गोविंद गुर्जर की चुनौती स्वीकार कर उन्हें अपने दरबार में आमंत्रण देते हैं..!

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews