MP Breaking News

200 विद्यार्थियों ने एक साथ गाया ‘वंदे मातरम्’, भोपाल में बन गए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड

भोपाल के डीबी सिटी मॉल में ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में संगीत, सामूहिक गायन और कथक का खास संगम देखने को मिला। इस दौरान 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज किए गए हैं।
200 विद्यार्थियों ने एक साथ गाया ‘वंदे मातरम्’, भोपाल में बन गए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड

भोपाल में मंगलवार को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया गया। दरअसल डीबी सिटी मॉल में हुए इस आयोजन में अभय तिवारी ने 43 अलग-अलग वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुति दी, जबकि 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक गायन और 150 से ज्यादा छात्राओं ने कथक प्रस्तुति दी।

बता दें कि कार्यक्रम का आयोजन विविधा कलायम सांस्कृतिक समिति और विविधा एकेडमी की ओर से किया गया था। आयोजकों के मुताबिक इस आयोजन का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं था बल्कि ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पीढ़ी से जोड़ना और भारतीय संगीत व शास्त्रीय नृत्य को बड़े मंच पर प्रस्तुत करना था। कार्यक्रम के दौरान तीन अलग-अलग प्रस्तुतियां रिकॉर्ड के लिए दर्ज की गईं और बाद में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में इन्हें शामिल किए जाने की घोषणा की गई।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हुए तीन रिकॉर्ड

वहीं गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड डॉ. मनीष विश्नोई ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि डीबी सिटी मॉल में एक नहीं बल्कि तीन विश्व रिकॉर्ड बने हैं। उन्होंने बताया कि पहला रिकॉर्ड म्यूजिशियन अभय तिवारी की प्रस्तुति का है जिसमें उन्होंने रिले फॉर्मेट में एक के बाद एक 40 से अधिक अलग-अलग इंस्ट्रूमेंट्स और कुछ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं से संगीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा 200 से अधिक विद्यार्थियों के सामूहिक गायन और ‘वंदे मातरम्’ पर सामूहिक कथक नृत्य को भी रिकॉर्ड में शामिल किया गया। उनके मुताबिक तीनों प्रस्तुतियों को विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है।

दरअसल अभय तिवारी ने ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर 43 अलग-अलग वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ कुछ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं का भी संगीत के लिए उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की तैयारी करीब तीन महीने से चल रही थी और लगातार मेहनत के बाद यह प्रस्तुति पूरी की जा सकी।

200 विद्यार्थियों का गायन बनी खास आकर्षण

वहीं कार्यक्रम का दूसरा रिकॉर्ड प्रयास विविधा एकेडमी के 200 से अधिक विद्यार्थियों के सामूहिक गायन से जुड़ा रहा। विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ के मूल संस्कृत पाठ पर आधारित गीत को एक साथ स्वर दिया। करीब पांच मिनट से अधिक समय तक चली इस प्रस्तुति में सभी विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रगीत का गायन किया। अभय तिवारी के मुताबिक प्रस्तुति के लिए ‘वंदे मातरम्’ के उस मूल स्वरूप को शामिल किया गया जिसे बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था।

जबकि कार्यक्रम का तीसरा आकर्षण 150 से अधिक छात्राओं की सामूहिक कथक प्रस्तुति रही। छात्राओं ने लाइव म्यूजिक के साथ ‘वंदे मातरम्’ पर शास्त्रीय कथक नृत्य प्रस्तुत किया। कथक गुरु और इंटरनेशनल कथक परफॉर्मर अभिलाषा तिवारी ने बताया कि विविधा एकेडमी की ओर से ‘वंदे मातरम्’ पर कथक की विस्तृत शास्त्रीय प्रस्तुति तैयार की गई।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
200 विद्यार्थियों ने एक साथ गाया ‘वंदे मातरम्’, भोपाल में बन गए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड