भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज प्रदेश कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह के साथ प्रदेश टोली की बैठक की। बैठक में आत्मनिर्भर अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सन्देश को जन जन तक पहुंचाने पर विचार विमर्श किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा के सभी कार्यकर्ता पूरे देश में स्वदेशी के लिए काम कर रहे हैं, हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी ये मंत्र हमारी शक्ति के रूप में पूरे विश्व के सामने प्रदर्शित हो इस लक्ष्य को लेकर युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, विधानसभा सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन जैसे अनेक कार्यक्रम पूरे देश में होने जा रहे हैं।
अरुण सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश में भी कार्यक्रम शुरू हो रहे हैं उन्होंने बताया कि इस समय पूरे विश्व के देश अपनी अर्थव्यवस्था, अपने देश के प्रोडक्ट के बारे में सोच रहे हैं भारत भी इसी दिशा में सोच रहा है, पीएम मोदी के आह्वान पर जो स्वदेशी का अभियान है उसमें हमारा लक्ष्य है कि किस प्रकार से भारत आत्मनिर्भर बने, क्योंकि इसी के माध्यम से ही हम विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकेंगे।
हम आत्मनिर्भर तभी बनेंगे जब अन्त्योदय के संकल्प को साकार करेंगे
एक सवाल के जवाब में अरुण सिंह ने कहा कि हम आत्मनिर्भर तभी बनेंगे जब अन्त्योदय के संकल्प को साकार करेंगे, अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब को अच्छी शिक्षा मिले, अच्छा स्वास्थ्य सेवा मिले, जीवन स्तर उठाने में मदद मिले, और यही काम पीएम मोदी कर रहे हैं, 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए ये प्रमाण है। क्योंकि गरीबों को आत्मनिर्भर बनाये बिना भारत आत्मनिर्भर नहीं बन सकता इसलिए उनपर सबसे अधिक ध्यान देने की जरुरत है और वही हो भी रहा है।
पूरी टीम एक्टिव होनी चाहिए : हेमंत खंडेलवाल
मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा मैंने जिला अध्यक्षों से कहा है कि वो जब वो टीम बनाएं तो मजबूत टीम बनाएं क्योंकि पार्टी के कार्यक्रम आते हैं तो सबको काम करना होता है। चुनाव भी आने वाले हैं इसलिए ऐसा ना हो कि 5-7 कार्यकर्ता काम करें बाकी न करें इसलिए पूरी टीम एक्टिव होनी चाहिए।
कांग्रेस ने जो बुनियादी ढांचा खड़ा किया उसने देश को नुकसान पहुंचाया
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कांग्रेस ने जो बुनियादी ढांचा खड़ा किया उसने देश को नुकसान पहुंचाया , देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया, जब पीएम मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत दुनिया की 11वी अर्थ व्यवस्था था और आज कहा हैं सब जानते हैं, जल्दी ही तीसरी और दूसरी पर होगा।
कांग्रेस की नीतियों को ही देश भुगत रहा है
उन्होंने कहा कि यदि पीएम मोदी ये कदम नहीं उठाते तो देश इतने आगे कैसे बढ़ता? यदि कांग्रेस के समय एक्पोर्ट अच्छा होता तो इम्पोर्ट पर क्यों निर्भर रहना पड़ता? उन्होंने कहा कांग्रेस की नीतियों को ही ये देश भुगत रहा है इसे मजबूत करने का काम आत्मनिर्भर भारत अभियान कर रहा है।





