भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी के फिर बदले सुर, सीएए का किया विरोध

भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी के फिर बदले सुर, सीएए का किया विरोध

भोपाल। सीएए और एनआरसी को लेकर केन्द्र शासित भाजपा सरकार को विपक्ष के तीखे प्रहारों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल सीएए का पुरजोर विरोध कर रहे है। इन सबके बीच अब भाजपा को अपने घर में ही बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने सीएए कानून का विरोध किया है। उनका कहना है कि धर्म के नाम पर देश का बंटवारा नही किया जाना चाहिए। देश में बेरोजगारी पर बात करने की जरूरत है। सीएए से देश का माहौल खराब हो रहा है।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक नारायण ने एक बार फिर पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये मेरे दिल की आवाज है और मैं अपनी अंतर्रात्मा से सीएए का विरोध कर रहा हूं। सीएए से भाईचारा खत्म हो रहा है। देश में गृह क्लेश बढ़ रहा है। लोग एक-दूसरे को अब देखना नहीं चाह रहे हैं। पूरे देश में भाई चारा खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस देश में बेरोजगारी पर बात करने की जरूरत है, न कि धर्म के आधार पर नागरिकता की। या तो आप संविधान के साथ हैं या विरोध में हैं और यदि संविधान के हिसाब से नहीं चलना है तो फाड़ कर फेंक देना चाहिए। मैं गांव से आता हूं और गांव में आज भी आधार कार्ड नहीं बन रहे तो बाकी कागज कहां से लाएंगे। नारायण त्रिपाठी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि यह पार्टी की राय नहीं है, बल्कि ये मेरा व्यक्तिगत राय है और हम पार्टी फोरम पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह वोट की राजनीति के लिए सही है, लेकिन देश के लिए सही नहीं है। नारायण त्रिपाठी ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम की बात होती है लेकिन धर्म के नाम पर बंटवारा किया जा रहा है ये गलत है। देश को अगर आगे ले जाना है तो इस कानून को लागू नहीं करना होगा। इससे देश को कोई फायदा नहीं होने वाला है। बताते चलें कि यह पहला मौका नहीं है जब मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी पार्टी के लिए मुसीबत बने है। इससे पहले भी कई बार वे विवादित बयान देकर पार्टी के लिए परेशानी खड़ी कर चुके है। विधानसभा में भी फ्लोर टेस्ट के दौरान नारायण त्रिपाठी ने क्रॉस वोटिंग की थी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews