धार में हुई मॉब लिचिंग की घटना का मुद्दा विधानसभा में उठाएगी BJP

धार में हुई मॉब लिचिंग की घटना का मुद्दा विधानसभा में उठाएगी BJP

भोपाल। धार के मनावर में हुई घटना पर राजनीति तेज हो गई है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही मृतक को दो लाख रूपए का मुआवजा देने का एलान किया है। इसके अलावा पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है। वहीं विपक्ष प्रदेश की कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के मामले को लेकर सरकार का घेराव करने की तैयारी में है। धार मामले को भाजपा विधानसभा में उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने गुरुवार को घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार के मनावर में हुई तालिबानी घटना समाज को शर्मसार करने वाली हैं। मध्यप्रदेश किस ओर बढ़ रहा है? यह घटना दर्शाती है कि प्रदेश में तालिबानी युग की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले 1 साल में मध्यप्रदेश में दलितों- आदिवासियों पर अत्याचार और सौहार्द में खलल डालने वाली घटनाएं हुई है। सागर में दलित को जिंदा जला दिया जाता है, तो मुख्यमंत्री के गृह जिले में आदिवासी नाबालिक बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी जाती, लेकिन ऐसी घटनाओं पर सरकार का दिल नही पसीजता। गोपाल भार्गव ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की उदासीनता के कारण ही प्रदेश में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही है। मनावर की इस घटना के लिए भी कमलनाथ सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। विधानसभा के बजट सत्र में मॉब लिंचिंग की इस घटना पर प्रमुखता से उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ राज में लोगों को भीड़ ने पीटा और 1 व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह तालिबानी घटना मध्यप्रदेश की शांतिप्रिय पहचान को शर्मसार करती है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ आपने 1 साल में बना नया मध्यप्रदेश बना ही दिया। शांति का टापू कहा जाने वाला मध्यप्रदेश अब एक साल में हिंसा का अड्डा बन गया है। भार्गव ने कहा कि ‘दलितों एवं आदिवासियों की हत्या हो रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ वक्त है बदलाव का नारा देते है, वास्तव में मध्यप्रदेश बदल गया है। मध्यप्रदेश को कांग्रेस की नजर लग गयी। नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने कहा कि समाज में ऐसी घटनाएं चिंतनीय है। सरकार ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाएं और दोषी कोई भी हो उसे दण्ड दे ताकि ऐसी घटनाओं की प्रदेश में पुनरावृत्ति न हो।

विधानसभा में सरकार से जवाब मांगेंग
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि धार मनावर की घटना समाज को शर्मसार करती है। सरकार की नाकामी और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण ऐसी घटनाएं हो रही है। विधानसभा के बजट सत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार को जवाब देना होगा। धार मनावर की इस घटना पर सरकार से हम सवाल पूछेंगे। इस तालिबानी घटना के लिए कमलनाथ सरकार जिम्मेदार है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews