मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज अपनी कैबिनेट के साथियों के एक बात साझा करते हुए बताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की अगली 27वीं बैठक वर्ष-2027 में मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 19 मई को बस्तर में परिषद की 26वीं बैठक में इस आशय की सहमति दे दी। सीएम ने बताया कि इस बैठक में शामिल होने के बाद अमित शाह उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारी को लेकर हो रही व्यापक नागरिक व्यवस्थाओं, मानव प्रबन्धन और आपदा प्रबंधन का भी मुआयना करेंगे।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की अगली 26वीं बैठक की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नक्सल मुक्त हो चुका है। इस विचारधारा का मूल गढ़ बस्तर ही हुआ करता था। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक बस्तर में ही करके देश में नक्सलवाद की समाप्ति का जन संदेश दिया है।
प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में योगदान करने वाले पुलिस अधिकारियों को बधाई
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों के साथ बीते सप्ताह राज्य में हुई विशेष गतिविधियों और सरकार को मिली उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव सहित ‘नक्सल उन्मूलन अभियान’ में सक्रिय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है।
मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा लाने का प्रयास करेगी सरकार
भोजशाला परिसर को लेकर हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ के फैसले का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वागत करते हुए कहा कि अदालत ने करीब 750 साल पुराने और धार्मिक-ईश वंदना से जुड़े इस विवाद का सकारात्मक एवं शांतिपूर्ण समाधान किया है। सरकार न्यायालय के आदेश का पालन करेगी और मां वाग्देवी की वास्तविक प्रतिमा को इंग्लैंड के म्यूजियम से मध्य प्रदेश लाने के लिए केन्द्र सरकार के साथ हर जरूरी प्रयास एवं समन्वय करेगी। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश शांति का टापू है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। इसमें कोई ढिलाई नहीं की जाएगी।
पीएम को विदेश में मिल रहे सर्वोच्च सम्मान देश का सम्मान
सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशों में मिल रहे सवोच्च नागरिक सम्मान के लिए शुभकामनायें और बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है ये सम्मान पूरे देश का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने जवार-बाजरा, धान, सोयाबीन, कपास, तिल, सहित कई फसलों की MSP में वृद्धि करने के लिए केंद्र सरकार का आभार माना, डॉ मोहन यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में पीएम मोदी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा एमएसपी में की गई वृद्धि मध्य प्रदेश के किसानों के लिए सौगात है।






