MP Breaking News

6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर CM, UAE के निवेशकों-उद्योग समूहों से करेंगे संवाद, MP की वैश्विक निवेश संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री मोहन यादव के दुबई के तीन दिवसीय कार्यक्रम में बड़े निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें और प्रमुख उद्योग समूहों के साथ चर्चा शामिल हैं। मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य दुबई में होने वाली इन बैठकों और संवाद को आगे चलकर निवेश प्रस्तावों, कारोबारी साझेदारियों और लंबे समय के सहयोग में बदलना है।
CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर रहेंगे। वे यहां इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 के तहत संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर सीधा संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस-2026 में भी सहभागिता करेंगे। इसके माध्यम से मध्यप्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय उद्योग समुदाय के सामने अपनी औद्योगिक और पर्यटन क्षमताओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, विभिन्न देशों और संयुक्त अरब अमीरात के शीर्ष नीति-निर्माताओं एवं कारोबारी नेतृत्व के साथ बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, सहयोग और नए अवसरों पर चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मध्यप्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षमता को निवेशकों के सामने प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

3 दिवसीय कार्यक्रम में क्या-क्या शामिल रहेगा

  • निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक
  • उच्चस्तरीय शासन-स्तरीय मुलाकात
  • एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश पेवेलियन का उद्घाटन
  • इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–इंडिया निवेश सत्र
  • शारजाह के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद
  • दुबई के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठकें शामिल हैं।

6 सितंबर 2026: प्रवासी भारतीयों से संवाद और कारोबारियों से संपर्क

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दुबई पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एक जिला-एक उत्पाद स्टॉल का उद्घाटन होगा। इसमें MP के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, ज़री-ज़रदोज़ी और ग्वालियर कारपेट जैसे स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
  • संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात कर द्विपक्षीय आर्थिक एवं निवेश संबंधों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
  • अरब संसद के अध्यक्ष हिज हाईनेस मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। अरब संसद के अध्यक्ष एवं सदस्यों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव मीडिया से संवाद करेंगे तथा  AIM कांग्रेस-2026 के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
  • निवेश के प्रमुख विषयों पर संवाद के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव की एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष हिज हाईनेस डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ भी बैठक होगी।

7 सितंबर 2026:AIM कांग्रेस में MP की वैश्विक निवेश क्षमता का प्रदर्शन

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश पेवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इसके माध्यम से MP की औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों और प्रमुख क्षेत्रों को अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव संघीय सर्वोच्च परिषद के सदस्य एवं रास अल खैमाह के शासक हिज हाईनेस शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट करेंगे तथा उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में राष्ट्राध्यक्षों एवं शासनाध्यक्षों की उपस्थिति में लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। इसके बाद तातारस्तान गणराज्य के गवर्नर के साथ बैठक होगी।
  • इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश –इंडिया निवेश सत्र में मुख्यमंत्री  MP की निवेश संभावनाओं और राज्य की नीतिगत तैयारियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे।
  • वे संयुक्त अरब अमीरात के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री हिज हाईनेस अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री तथा विदेश व्यापार राज्य मंत्री एवं एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष हिज हाईनेस डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे।
  • लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक  यूसुफ़ अली एम.ए. के साथ बैठक भी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल है। दिन का समापन दुबई के कारोबारी एवं निवेश समुदाय के साथ संवाद के साथ होगा।

8 सितंबर 2026: निवेशकों-कारोबारियों से सीधा संवाद

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव यूएई के प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट ज़ोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल जैसे प्रमुख उद्योग समूहों के प्रतिनिधि शामिल हैं ।
  • इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हिज हाईनेस अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक होगी। शारजाह चैंबर एवं IBPC शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक में MP में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी और उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
  • वे बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक करेंगे। इस दौरान MP में निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुति दी जाएगी और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 का आमंत्रण दिया जाएगा।
  • इसके बाद दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक होगी।
  • यह बैठक रियल एस्टेट, शहरी विकास और संबंधित क्षेत्रों में संभावित निवेश एवं सहयोग के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगी।
  • निवेश अवसरों पर संवाद सत्र आयोजित होगा। इसमें संयुक्त अरब अमीरात के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत हिज हाईनेस बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
  • सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों एवं प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में उपलब्ध अवसरों से सीधे रूबरू कराएंगे।

9 सितंबर: नई दिल्ली के लिए प्रस्थान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के बाद 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 के माध्यम से मध्यप्रदेश सरकार का यह प्रयास रहेगा कि वैश्विक निवेश समुदाय के साथ बने संवाद को ठोस निवेश प्रस्तावों, व्यावसायिक साझेदारियों और दीर्घकालिक सहयोग में बदला जाए।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews
6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर CM, UAE के निवेशकों-उद्योग समूहों से करेंगे संवाद, MP की वैश्विक निवेश संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम - MP Breaking News