MP Breaking News

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर CM डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के नाम संदेश, बोले- मिलकर आगे बढ़ाएंगे MP के विकास का कारवां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जारी संदेश में निवेश से लेकर किसानों तक की बात की, पीएम मित्रा पार्क और ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भी जिक्र किया।
CM Mohan Yadav

भोपाल: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में निवेश, किसानों, बारिश और आने वाले विकास प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के सहयोग से विकास का यह सिलसिला लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने के साथ अपने भविष्य और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका पर विचार करने का अवसर भी देता है।

बारिश से किसानों को मिली राहत

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रही बारिश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश से किसानों और आम लोगों को राहत मिली है। सरकार और समाज ने मिलकर प्रदेश में पर्व और त्योहार मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने रक्षाबंधन के साथ आने वाली जन्माष्टमी और गणेश उत्सव की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

MP में आ रहा निवेश, कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से मध्य प्रदेश को कई बड़ी सौगातें मिली हैं। धार में टेक्सटाइल सेक्टर का पीएम मित्रा पार्क बन रहा है, वहीं ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और अलग-अलग सेक्टर में लगातार निवेश आ रहा है। इससे मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।

‘प्रदेशवासियों के सहयोग से आगे बढ़ेगा विकास’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के विकास में सरकार के साथ आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्हें विश्वास है कि प्रदेशवासियों के सहयोग से विकास का कारवां लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

अपने संदेश के आखिर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और ‘भारत माता की जय’ के साथ अपना संदेश समाप्त किया।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर CM डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के नाम संदेश, बोले- मिलकर आगे बढ़ाएंगे MP के विकास का कारवां - MP Breaking News