MP Breaking News

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की राज्यपाल से मुलाकात, विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से की सौजन्य भेंट, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की दी जानकारी, स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की राज्यपाल से मुलाकात, विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज, बुधवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर राज्यपाल पटेल का अभिवादन किया। साथ ही विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर चर्चा की। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल पटेल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर प्रदेश में 17 सितम्बर 2026 से प्रारंभ हो रहे एक माह की अवधि के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बारे में अवगत कराया ।

इसके अलावा ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026’ के तहत मध्यप्रदेश के 50 लाख लोगों को उनके पट्टे की पक्की रजिस्ट्री कराकर संबंधितों को नि:शुल्क वितरण करने के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियों की जानकारी दी।

इससे पहले 11 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री यादव ने राज्यपाल से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को समान नागरिक संहिता विधेयक , हर घर तिरंगा अभियान और आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) के कार्यक्रमों और विकासात्मक कार्यों के निर्णयों से अवगत कराया था। इसके अलावा मेट्रोपॉलिटन सिटी के विकास और अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

17 सितंबर से MP में चलेगा सेवा संकल्प और स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सम्पूर्ण प्रदेश में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ संचालित जाएगा। उज्जैन स्थित महाकाल महालोक सहित संपूर्ण प्रदेश में 58 लाख आशीर्वाद के दीपक प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके अलावा 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान में प्रदेश भर के 41 हजार 568 गांवों के 68 लाख 47 हजार प्लॉट का सर्वे किया जा चुका है और 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के नाम पर नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी। रजिस्ट्री के लिए पंचायत उपकर, अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी छूट का प्रावधान किया गया है।

राजस्व विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक मिलकर प्रत्येक गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत निष्पादित करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की राज्यपाल से मुलाकात, विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर हुई चर्चा - MP Breaking News