MP Breaking News

MP के 1.22 लाख मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए मिलेंगे 25-25 हजार रुपये, मुख्यमंत्री यादव आज जारी करेंगे राशि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 'प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना' के तहत मेधावी छात्रों के खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि जारी करेंगे। इसका लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं।
MP CM Dr. Mohan Yadav

कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों को आज बड़ा तोहफा मिलने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि जारी करेंगे। यह राशि कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित लैपटॉप क्रय के लिए राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान जारी की जाएगी।

प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना

दरअसल, प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें डिजिटल तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से “प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना” चलाई जा रही है।

इसके अंतर्गत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

प्रदेश सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इस प्रकार विद्यार्थियों को कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा। इस राशि से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल स्टडी मैटेरियल और ई-लर्निंग जैसे संसाधनों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की यह पहल प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपनी शिक्षा को और बेहतर बना सकेंगे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews