सीधी जिले के सिहावल विकासखंड के सजवानी खुर्द गांव से बच्चों की एक मासूम गुहार सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। गांव की बदहाल सड़क से रोज स्कूल जाने वाले नौनिहालों ने वीडियो के जरिए अपनी परेशानी बताई और कहा, CM अंकल, DM अंकल रोड बनवा दो। बारिश के बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि बच्चों को कीचड़ और फिसलन के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
कीचड़ भरे रास्ते से रोज स्कूल जाते हैं बच्चे
बारिश के कारण रास्ते में जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है। इसी रास्ते से बच्चों को रोजाना स्कूल पहुंचना पड़ता है। फिसलन की वजह से गिरने का डर बना रहता है, जबकि कीचड़ से बच्चों के जूते और कपड़े भी खराब हो जाते हैं। बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना बारिश के दिनों में किसी चुनौती से कम नहीं है।
CM अंकल और DM अंकल से बच्चों की सीधी अपील
अपनी समस्या से परेशान बच्चों ने वीडियो में मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से सड़क बनवाने की अपील की है। बच्चों की मासूम आवाज में कही गई बात, “CM अंकल, DM अंकल रोड बनवा दो” अब लोगों का ध्यान खींच रही है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बारिश आते ही हालात और खराब हो जाते हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल
गांव की सड़क व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। एक दर्जन से ज्यादा बच्चे रोज इसी बदहाल रास्ते से स्कूल जाते हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि बच्चों की यह मासूम गुहार प्रशासन तक पहुंचेगी और जल्द सड़क निर्माण को लेकर कोई कदम उठाया जाएगा, ताकि नौनिहालों को पढ़ाई के लिए कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने की मजबूरी खत्म हो सके।






