दुबई यात्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की निवेशकों से चर्चा, भोपाल इंदौर जैसे शहरों से सीधी उड़ान सेवा की संभावना भी तलाशी

मुख्यमंत्री ने JITO (Jain International Trade Organisation) समूह के चेयरमैन मुकेश वोरा से द्विपक्षीय भेंट की। बैठक में मध्य प्रदेश में में निवेश एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
Chief Minister Dr Mohan Yadav Dubai visit second day

मध्य प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के साधन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री इस समय विदेश प्रवास पर हैं 13 जुलाई से 19 जुलाई तक के विदेश दौरे की शुरुआत यूएई से हुई है, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुबई यात्रा के दूसरे दिन निवेशकों से चर्चा की उनके सामने मध्य प्रदेश की ब्रांडिंग की और मध्य प्रदेश में निवेश करने का न्योता दिया।

दुबई दौरे के दूसरे दिन आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने काउंसल जनरल द्वारा आयोजित ब्रेकफास्ट ब्रीफिंग में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि मध्य प्रदेश के प्रवासी व्यवसायी हमारे राज्य में निवेश करें। मध्य प्रदेश और दुबई के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों व धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। दुबई में MP Day आयोजित करने में भारतीय मिशन की भागीदारी हो।

उन्होंने कहा मध्य प्रदेश की छवि को ब्रांड इंडिया के अंतर्गत वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने में काउंसलेट की अहम भूमिका हो सकती है। निवेश बढ़ाने के लिए प्रदेश का उद्योग विभाग दुबई के प्रमुख व्यावसायिक समूहों के संपर्क में रहेगा। साथ ही दुबई में स्टार्ट अप एवं MSME डेमो डे का आयोजन हो, जिससे मध्य प्रदेश आधारित नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा सके।

दुबई यात्रा के दूसरे दिन यूएई के प्रमुख व्यापार समूहों के साथ चर्चा 

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश और यूएई के प्रमुख व्यापार समूहों के साथ सहयोग को मजबूत करने, EV, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, कृषि व पर्यटन क्षेत्रों में सेक्टर-विशिष्ट राउंडटेबल्स आयोजित करने और एमपी मूल के MSMEs को नीति-आधारित सहायता प्रदान करने पर चर्चा की। बैठक में EV और सौर ऊर्जा में UAE की स्किलिंग संस्थाओं के साथ साझेदारी की संभावनाएँ, I2U2 सचिवालय के साथ खाद्य और अक्षय ऊर्जा से जुड़े पायलट प्रोजेक्ट्स तथा मध्य प्रदेश के स्टार्टअप्स और MSMEs को वैश्विक मंच देने हेतु Global Demo Day आयोजित करने की योजनाएँ भी शामिल रहीं।

एमिरेट्स एयरलाइंस के शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम से मिले मुख्यमंत्री 

सीएम डॉ मोहन यादव ने एमिरेट्स एयरलाइंस और दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी के चेयरमैन, शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम से भी भेंट की। इस अवसर पर इंदौर और भोपाल जैसे शहरों से प्रत्यक्ष अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मध्य भारत में क्षेत्रीय कार्गो हब के विकास, एविएशन ट्रेनिंग और MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधाओं की स्थापना को लेकर भी विमर्श हुआ।

MP में एमिरेट्स एविएशन अकादमी के कैंपस हो सकता है स्थापित 

सीएम ने कहा हमने प्रदेश में एमिरेट्स एविएशन अकादमी के संभावित कैंपस की स्थापना और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की संभावनाओं पर भी विचार किया। निश्चत ही यह भेंट मध्य प्रदेश को विमानन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में देश का अगला अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में सशक्त कदम सिद्ध होगी।

नर्मदापुरम में स्थापित होने वाली सोलर सिटी में बढ़ी निवेश की संभावना 

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने Grew Energy Private Limited के सीईओ एवं निदेशक विनय ठाडानी एवं प्रतिनिधिमंडल के साथ मध्य प्रदेश में प्रस्तावित निवेश के संबंध में बैठक की। यह बैठक नर्मदापुरम जिले में स्थापित की जाने वाली 3.0 गीगावाट सोलर सेल परियोजना हेतु राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त विशेष औद्योगिक सहायता के विषय पर केंद्रित रही, उल्लेखनीय है कि यह परियोजना 700 से अधिक रोजगार अवसरों का सृजन करेगी तथा मध्य प्रदेश को सतत ऊर्जा क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews