मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए निवेशकों को आमंत्रित कर रहे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का क्रम जारी है, कई देशों से मध्य प्रदेश के लिए निवेश ला चुके डॉ मोहन यादव देश के अलग अलग राज्यों में जाकर भी निवेशकों को आमंत्रित कर रहे हैं, पिछले दिनों राजस्थान के भीलवाड़ा में निवेशकों के साथ हुए सफल संवाद के बाद अब 21 मार्च को मुख्यमंत्री राजधानी जयपुर जा रहे हैं।

21 मार्च को सीएम देर मोहन यादव जयपुर के आईटीसी राजपूताना में “इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्यूनिटीज इन मध्यप्रदेश” में उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे, सेशन में सीएम मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों, नई औद्योगिक नीतियों और बेहतर अधोसंरचना की जानकारी देते हुए निवेशकों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेंगे।

इन सेक्टर्स पर रहेगा फोकस 

जयपुर इंटरएक्टिव सेशन में फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, टेक्सटाइल एवं गारमेंट्स, कृषि, माइनिंग एवं मिनरल्स, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन सहित ने कई क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान चयनित निवेशकों से सीएम की वन टू वन चर्चा भी होगी।

प्रदेश में उद्योग और रोजगार बढ़ाने के प्रयास 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का मानना है कि मध्यप्रदेश अब संभावनाओं तक सीमित राज्य नहीं रहा, बल्कि नीतिगत स्पष्टता, त्वरित निर्णय क्षमता और मजबूत औद्योगिक आधार के साथ निवेश को धरातल पर उतारने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है। आपको बता दें सीएम डॉ मोहन यादव प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव जैसे आयोजन कर रहे हैं,  दुनिया के अलग अलग देशों में जाकर निवेशकों को आमंत्रित कर रहे हैं, देश के अलग अलग राज्यों में जाकर उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं जिसके सार्थक परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।