Hindi News

IPS को अमेजॉन मामले को अंजाम तक पहुंचाने की फिर मिली जिम्मेदारी

Written by:Gaurav Sharma
Published:

भोपाल डेस्क रिपोर्ट। हाल ही में भिंड के एसपी पद से स्थानांतरित किए गए आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह भिंड में पकड़े गए गांजा तस्करी मामले का पर्यवेक्षण करेंगे। इस मामले में पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी कर दिए गए हैं। मामले मे अमेजॉन कंपनी का नाम भी सामने आया है।

2 दिसंबर को राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची में भिंड के एसपी मनोज कुमार सिंह का भी नाम था। उन्हें पीएचक्यू स्थानांतरित करते हुए उनके स्थान पर शैलेंद्र कुमार चौहान को भिंड का नया एसपी बनाया गया। उस समय मनोज कुमार सिंह के स्थानांतरण को उनके द्वारा कुछ समय पहले पकड़े गए गांजा तस्करी के मामले से जोड़ने की कोशिश की गई और कांग्रेस ने इसे लेकर राज्य सरकार पर हमला भी बोला। दरअसल 13 नवम्बर 2021 को भिंड के गोहद चौराहा पर भिंड पुलिस ने गांजे की तस्करी करने वाले दो लोगों को पकड़ा था और तब इस बात का खुलासा हुआ था कि यह लोग गांजे की तस्करी के लिए अमेजॉन के प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मामले में अमेजॉन के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी हुई और खुद प्रदेश के गृहमंत्री ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

21 नवम्बर 2021 को भिंड पुलिस ने अमेजॉन कंपनी के डायरेक्टर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था। इन पर ऑनलाइन गान्जा बेचने का आरोप लगाया गया था। 2 दिसंबर को एसपी मनोज कुमार सिह का तबादला हो गया और यह प्रचार करने की कोशिश की गई कि अमेजॉन के दबाव में यह तबादला हुआ है। लेकिन अब डीजीपी के एक आदेश ने उन तमाम कयासों को सिरे से नकार दिया है। आदेश में इस मामले का पर्यवेक्षण पूरी तरह से मनोज कुमार सिंह को सौंपा गया है और उनके अधीनस्थ टीम के नाम भी आदेश में दिए गए हैं। यानि अमेज़न मामले को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब उसी अधिकारी को है जिसने इसका खुलासा किया था।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews