गुना जिले के रुठियाई आउटर पर जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में हुई लूट की घटना ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 14813 देर रात करीब 2:20 बजे सिग्नल नहीं मिलने के कारण आउटर पर रुकी हुई थी। इसी दौरान करीब 25 से 27 नकाबपोश बदमाश ट्रेन के एस-5 और एस-6 कोच के पास पहुंचे और अलग-अलग समूहों में बोगियों के अंदर घुस गए।
यात्रियों के अनुसार पूरी घटना करीब आधे घंटे तक चलती रही। अचानक हुई इस वारदात से दोनों कोचों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार अपने बच्चों के साथ डरे-सहमे बैठे रहे, जबकि कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की।
विरोध करने पर पथराव, दो यात्री घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब कुछ यात्रियों ने बदमाशों को पकड़ने या रोकने की कोशिश की, तब ट्रेन के बाहर मौजूद उनके साथियों ने खिड़कियों और दरवाजों की तरफ पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में राजस्थान के छबड़ा निवासी अब्दुल कलाम खान और विदिशा जिले के गुलाबगंज निवासी संतोष कुमार घायल हो गए। बताया गया कि संतोष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अब्दुल कलाम खान को भी चोटें लगीं।
घटना के दौरान यात्रियों ने किसी तरह ट्रेन के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर अपनी सुरक्षा की कोशिश की। साथ ही रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद रुठियाई स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
GRP ने दर्ज किया मामला
GRP ने इस मामले में चार अलग-अलग यात्रियों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार विदिशा की हरबो बाई के कानों से सोने के झुमके, भोपाल निवासी ममता मेवाड़ा का मंगलसूत्र और राजस्थान निवासी आवेदा बानो की सोने की चेन छीनी गई। वहीं जोधपुर निवासी राहुल का बैग भी बदमाश ले गए, जिसमें कपड़ों के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
रेलवे सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रात के समय आउटर पर खड़ी ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। संवेदनशील इलाकों में नियमित RPF और GRP गश्त, सीसीटीवी निगरानी, त्वरित रिस्पॉन्स टीम और बेहतर समन्वय से ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।






