सिंधिया को लेकर कमलनाथ के मंत्री और विधायक आमने-सामने

सिंधिया को लेकर कमलनाथ के मंत्री और विधायक आमने-सामने

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्वीटर स्टेटस बदलने के बाद शुरु हुए सियासी घमासान ने अब नया मोड ले लिया है। सिंधिया को लेकर अब कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर शुरु हो गया है। बुधवार को  कांग्रेस से पाेहरी विधायक सुरेश राठखेड़ा ने सिंधिया द्वारा खुद की नई पार्टी बनाने की बात कही थी, जिस पर अब कमलनाथ सरकार में खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने पलटवार किया है। 

मंत्री जायसवाल ने सुरेश के बयान की निंदा की है।जायसवाल का कहना है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया बहुत वरिष्ठ नेता हैं, पार्टी के विधायक ने उनको बड़े हल्के में लेकर बयान दे दिया है। इस तरह का बयान उनके लिए नहीं देना चाहिए।जो कुछ कहा गया है वो बिल्कुल गलत है और ऐसा संभव ही नहीं है।

दरअसल, शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा से कांग्रेस विधायक सुरेश राठखेड़ा ने बुधवार को बयान दिया था कि महाराज वो शख्सियत है जिस दिन चाहेंगे उस दिन मध्यप्रदेश में अपनी अलग पार्टी खड़ी कर सकते है। यदि वे पार्टी बनाते हैं, तो सबसे पहले मैं, उनके साथ मिलूंगा। विधायक ने पार्टी से पहले सिंधिया को सर्वोपरी बताया था। हालांकि विधायक ने सिंधिया द्वारा पार्टी छोड़े जाने की अटकलों को गलत बताया था । राठखेड़ा सिंधिया के समर्थक माने जाते है ।पहले भी कई बार वे खुलकर सिंधिया का समर्थन कर चुके है। बीते दिनों ही उन्होंने सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का समर्थन किया था। कांग्रेस विधायक के बयान के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई है। वही चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो चला है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews