मध्यप्रदेश आज अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 1 नवंबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में एक से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ‘राज्योत्सव’ का भव्य शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 11 बजे आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेले’ का उद्घाटन कर अवलोकन करेंगे। वहीं शाम 6:30 बजे मुख्य सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ होगा, जिसमें प्रदेश की लोक कला और संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर भी विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
साथ ही जिले के उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित गौरवशाली व्यक्तित्वों और उपलब्धियों पर केंद्रित गतिविधियाँ, जिला उत्पादों का प्रदर्शन और उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी। इस वर्ष ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ की केंद्रीय थीम पर आयोजित हो रहे समारोह में प्रदेश की सात दशकों की गौरवशाली विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में कौन-कौन शामिल होंगे
समारोह में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी विद्यालयों, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों, शहीद सैनिकों के परिवारों और महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप के पदाधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। समारोह में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।
मेधावी विद्यार्थियों और किसानों का किया जाएगा सम्मान
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के अंतर्गत 1-1 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेंगे। इस छात्रवृत्ति के लिए दोनों वर्गों (विद्यालय एवं महाविद्यालय/विश्वविद्यालय) में लॉटरी के माध्यम से छात्रों का चयन किया गया है।
- ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर वितरित किए जाएंगे, जिनमें भोपाल जिले के विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुरस्कृत करेंगे।
- लाल परेड ग्राउंड में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ द्वारा तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषयक 160 वॉटर कलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी तथा उन्नत कृषि तकनीकों और जैविक खेती पर केंद्रित राज्य स्तरीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।
- कृषि प्रदर्शनी में किसानों को खेती की नई तकनीकों, उन्नत बीज, जैविक कृषि इनपुट, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक और एग्री स्टार्टअप से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति से शुरूआत, मामे खान के लोक गायन से समापन
- मुख्य सांस्कृतिक समारोह के शुरुआत में ‘देशराग’ के अंतर्गत 71 बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन, पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान और नयनाभिराम आतिशबाजी के साथ होगा।
- उद्घाटन संध्या का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की सुगम संगीत प्रस्तुति होगी।
- तीन दिवसीय उत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को 20 से अधिक पारंपरिक लोक नृत्यों एवं ‘अनुगूँज’ वाद्यवृंद की प्रस्तुति होगी ।
- 3 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक गायक मामे खान के लोक गायन के साथ राज्योत्सव का गरिमामय समापन होगा।
