मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है और विधानसभा के बाहर और अन्दर कांग्रेस जमकर सरकार पर हमलावर है, आज दूसरे दिन भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, आज कांग्रेस एक सांकेतिक चिड़िया लेकर पहुंची और प्रदर्शन किया, कांग्रेस ने कहा पुरानी कहावत “चिड़िया चुग गई खेत” की तरह भाजपा सरकार किसानों के खेत चुग रही है सोयाबीन, मक्का, प्याज-किसी फसल का भाव नहीं मिलता किसान परेशान है और सरकार चुप है लेकिन किसान की आवाज़ दबेगी नहीं, कांग्रेस विधानसभा से लेकर सड़क तक लड़ाई जारी रखेगी।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया है, मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सारंग ने कहा मध्य प्रदेश की इस विधानसभा के गठन को दो साल हो गए है और कांग्रेस हर सत्र में नाटक-नौटंकी करती है।

MP कांग्रेस को सारंग ने बताया अपरिपक्व 

उन्होंने कहा मुझे लगता है जैसे कांग्रेस के दिल्ली सेटअप में अपरिपक्वता है वैसे मध्य प्रदेश कांग्रेस में भी है,  विधानसभा नौटंकी करने का मंच नहीं है कभी गिरगिट बनकर आ गए, कभी चोला पहनकर आ गए, कभी शराब की बोतल लेकर आ गए,  कांग्रेस के विधायक सदन की गरिमा को तारतार कर रहे हैं, विरोध करें, मुद्दे उठाएं पर उसकी गरिमा होनी चाहिए, उसकी एक परंपरा है लेकिन कांग्रेस उस पर ध्यान नहीं देती, जो कांग्रेस की अपरिपक्वता का ही उदाहरण है।

विभागों की समीक्षा स्वागत योग्य और सार्थक कदम 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा सभी विभागों की समीक्षा किये जाने के सवाल पर सारंग ने कहा भाजपा सरकार प्रदेश के विकास, जनता के कल्याण में तत्पर है यह समीक्षा समय-समय पर की जाती है, सीएम मोहन यादव हर विभाग की समीक्षा करते हैं, कुछ अच्छा करना है तो विगत दिनों हमने क्या किया और आगे की योजना, यह स्वागत योग्य और सार्थक काम है।

BLO को मानदेय के सवाल पर दिया ये जवाब 

विक्रांत भूरिया द्वारा बीएलओ को मानदेय नहीं देने के सवाल पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कांग्रेस बिना जानकारी के मुद्दे उठाती है यदि किसी कर्मचारी को बीएलओ के रूप में लगाया गया है तो चुनाव आयोग के निर्देश का पालन सरकार करेगी, इसमें कोई किन्तु परन्तु नहीं है।

जीतू पटवारी के पास कुछ सबूत है तो बताएं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा प्रदेश के सभी मंत्रियों को भ्रष्टाचारी कहने और ईमानदारी का सबूत मांगे जाने के सवाल पर पलटवार करते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा मुझे लगता है अपनी बात को मीडिया में छपवाने के लिए ऐसी बातें करना कांग्रेस की मजबूरी हो गयी है केवल जवाबी जमाखर्च से काम नही चलता, कह देने से कोई मुद्दे स्पष्ट नहीं होते, यदि जीतू पटवारी के पास कुछ है तो बताएं।