MP को दो नई ट्रेनों की सौगात, भोपाल-धनबाद और भोपाल-चोपन एक्सप्रेस आज से शुरू

मध्य प्रदेश से झारखंड तक सफर होगा आसान। भोपाल-धनबाद नई ट्रेन और भोपाल-चोपन एक्सप्रेस की शुरुआत से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सीएम मोहन यादव हरी झंडी दिखाएंगे, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
एमपी को दो नई ट्रेनों की सौगात

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आज खास हलचल है। प्लेटफॉर्म सजे हुए हैं, स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और यात्रियों के चेहरों पर उत्साह साफ दिख रहा है। कारण है, मध्य प्रदेश को दो नई ट्रेनों की सौगात। लंबे समय से जिस मांग को लेकर लोग आवाज उठा रहे थे, वह अब पूरी होने जा रही है। भोपाल से धनबाद और भोपाल से चोपन के बीच नई ट्रेन सेवाएं शुरू हो रही हैं।

सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे। भोपाल-धनबाद नई ट्रेन और भोपाल-चोपन एक्सप्रेस की शुरुआत से एमपी और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासकर उन यात्रियों को राहत मिलेगी जो लंबे समय से इस रूट पर सीधी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

शेड्यूल और समय की पूरी जानकारी

भोपाल-धनबाद नई ट्रेन मंगलवार से नियमित रूप से चलेगी। यह ट्रेन शाम 7 बजकर 30 मिनट पर भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन शाम 7 बजकर 20 मिनट पर धनबाद पहुंचेगी। यानी लगभग 24 घंटे से थोड़ा कम समय में यह सफर पूरा होगा।

वापसी में यह ट्रेन रात 11 बजे धनबाद से चलेगी और अगले दिन रात 10 बजकर 35 मिनट पर भोपाल पहुंचेगी। इस नए शेड्यूल से यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सुविधा होगी।

रेलवे की ओर से दोनों नई ट्रेनों का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया था। टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में जो यात्री एमपी से झारखंड या झारखंड से एमपी आना-जाना चाहते हैं, उनके लिए यह बड़ी राहत की खबर है।

भोपाल-चोपन एक्सप्रेस

भोपाल-धनबाद नई ट्रेन के अलावा भोपाल-चोपन एक्सप्रेस भी शुरू की जा रही है। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी। ट्रेन नंबर 11633/11634 के रूप में इसका संचालन किया जाएगा।

यह ट्रेन रविवार को भोपाल से चलेगी और सोमवार को चोपन से वापस भोपाल के लिए रवाना होगी। लंबे समय से इस रूट पर ट्रेन की मांग की जा रही थी, क्योंकि इस मार्ग पर सीधी सुविधा सीमित थी। अब भोपाल-चोपन एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को नया विकल्प मिलेगा।

मध्य प्रदेश में कहां-कहां होगा स्टॉपेज

भोपाल से चलने वाली दोनों नई ट्रेनें मध्य प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। इनमें विदिशा, गंजबासौदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी, मुड़वारा और ब्यौहारी शामिल हैं। इन स्टॉपेज से छोटे शहरों और जिलों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। पहले इन क्षेत्रों के लोगों को लंबी दूरी तय कर बड़ी ट्रेन पकड़नी पड़ती थी।

अब उनके अपने नजदीकी स्टेशन से सीधा कनेक्शन मिलेगा। भोपाल-धनबाद नई ट्रेन और भोपाल-चोपन एक्सप्रेस के इन स्टॉपेज से पूरे रूट की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे छात्रों, कामकाजी लोगों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews