Hindi News

MP सरकार फिर लेगी 5200 करोड़ का कर्ज, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने साधा निशाना, कहा ‘भाजपा सरकार का एक ही मिशन..कर्ज, करप्शन और कमीशन’

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
Last Updated:
मोहन सरकार द्वारा नया कर्ज लेने के मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बार-बार लिया जा रहा कर्ज राज्य की कमजोर वित्तीय हालत को उजागर करता है। विपक्ष का आरोप है कि लगातार बढ़ता कर्ज जनता पर भविष्य का बोझ डाल रहा है और सरकार को कर्ज लेने के बजाय पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन पर ध्यान देना चाहिए।
MP सरकार फिर लेगी 5200 करोड़ का कर्ज, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने साधा निशाना,  कहा ‘भाजपा सरकार का एक ही मिशन..कर्ज, करप्शन और कमीशन’

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश सरकार इस महीने में एक बार फिर 5200 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से बाजार से यह कर्ज विभिन्न अवधियों में उठाया जाएगा। इस कर्ज की पहली किश्त 7 फरवरी को मिलने संभावना है। इसे लेकर कांग्रेस ने मोहन सरकार पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे राज्य की आर्थिक स्थिति की बदहाली और सरकार की वित्तीय विफलता का प्रमाण बताया है। जीतू पटवारी ने कहा कि “मोहन सरकार की सिर्फ पांच उंगलियों नहीं, पूरी सरकार कर्ज़ के दलदल में डूबी हुई है”। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का एकमात्र मिशन कर्ज़, करप्शन और कमीशन है।

मध्यप्रदेश सरकार फिर लेगी कर्ज 

एमपी सरकार इस माह एक बार फिर 5,200 करोड़ का नया कर्ज लेने जा रही है। यह ऋण RBI के माध्यम से State Development Loans के तहत खुले बाजार से उठाया जाएगा। आरबीआई द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार इस कर्ज की पहली किश्त 7 फरवरी को विभिन्न अवधियों में जारी होने की संभावना है। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2025-26  में अब तक राज्य सरकार लगभग 57,100 करोड़ का ऋण ले चुकी है। अब इस नए कर्ज के बाद यह आंकड़ा करीब 62,300 करोड़ तक पहुंच जाएगा।

कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

मोहन सरकार द्वारा नए कर्ज को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार बार-बार कर्ज लेकर प्रदेश को वित्तीय दलदल में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि मोहन सरकार इस महीने फिर से 5,200 करोड़ का कर्ज लेने जा रही है। सरकार की सिर्फ पांच उंगलियां नहीं, पूरी सरकार कर्ज के दलदल में डूबी हुई है। कांग्रेस अध्यक्श ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का एक ही मिशन है— कर्ज, करप्शन और कमीशन।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस मामले पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बजट प्रबंधन के नाम पर लगातार कर्ज लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘लगातार कर्ज़ लेकर प्रदेश की जनता के भरोसे को गिरवी रखा जा रहा है। लगातार बढ़ता कर्ज़ इस बात का प्रमाण है कि दो दशकों से सत्ता में बैठी भाजपा सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह फेल है। कर्ज़ का पैसा आखिर जा कहाँ रहा है? जनता की मेहनत की कमाई का हिसाब दे सरकार।’ नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता को कर्ज़ नहीं, जवाबदेही और सुशासन चाहिए।