
भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव (Panchayat Election) में तीसरे दौर का मतदान आज हुआ। सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) भी आज परिवार के साथ सीहोर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव जैत पहुंचे और मतदान किया। इसी के साथ उन्होने जैत में मंदिर पहुंचकर सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सबके मंगल और कल्याण के लिए प्रार्थना भी की। सीएम ने कहा कि ‘हर घर-आंगन में सुख, समृद्धि और आनंद के दीप देदीप्यमान हों, यही कामना करता हूं।’
आज 39 जिलों में 92 जनपद के 6607 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जा रहे हैं। सीएम शिवराज ने इस मौके पर कहा कि मतदान लोकतंत्र का प्राण और आत्मा है। हम मत के माध्यम से ही अपनी सरकार चुनते हैं। उन्होने कहा कि उनकी अपील मानते हुए उनके गांव जैत में जनता ने अपने सरपंच और सारे पंचों को निर्विरोध चुना है। ये एक समरस पंचायत है। जनपद सदस्य का चुनाव भी निर्विरोध हुआ है। बस जिला पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले जा रहे हैं और उन्होने भी अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ वोट डाला है। इसी के साथ सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि निर्वाचित सरकारें प्रदेश, देश, नगर और गांव चलाती है इसीलिए सभी को मतदान अवश्य करना चाहिए।
बता दें कि पंचायत चुनाव के पहले चरण में कई स्थानों पर हिंसा हुई थी जिसके बाद आज सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। चंबल और मुरैना में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। करीब 40 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान के बाद मतदान स्थल पर ही मतगणना शुरू हो जाएगी लेकिन पंच, सरपंच और जनपद सदस्यों के लिए परिणामों की घोषणा 14 जुलाई को होगी।
आज मैंने अपने गृह ग्राम जैत की समरस पंचायत में सपरिवार जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान किया। https://t.co/pQR630u6zd pic.twitter.com/InzOCYePFn
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 8, 2022
अपने पैतृक गांव जैत में मंदिर पहुंचकर सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सबके मंगल और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
हर घर-आंगन में सुख, समृद्धि और आनंद के दीप देदीप्यमान हों, यही कामना करता हूं! pic.twitter.com/Wgr0RjoH06
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 8, 2022
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

