MP School: 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, 5 अगस्त तक जमा कर सकेंगे पंजीयन प्रपत्र, ये रहेंगे प्रश्न-नियम, ऐसे होगा चयन

mp school student

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट।  मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों (MP School Student) के 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर है।प्रदेश में अगस्त महीने में पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2022 का आयोजन किया जा रहा है। यह दो चरणों में होगी और जीतने वाले को होटल टूर पैकेज समेत कई तोहफे मिलेंगे।इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यटन के प्रति आकर्षण और जानकारी बढ़ाना है। मध्य प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों को प्रदेश के पर्यटन से परिचित कराने एवं पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को विकसित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा “मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2022” की जा रही है।

यह भी पढ़े.. शासकीय कर्मचारियों-अधिकारियों के लिए अच्छी खबर, राज्य सरकार ने हटाई तबादलों से रोक, ऐसी रहेगी व्यवस्था

प्रमुख सचिव पर्यटन और प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड  शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता से बच्चों में पर्यटन के लिए मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रति आकर्षण के साथ पर्यटन संबंधी जानकारी बढ़ेगी। प्रतियोगिता में शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई और केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को पर्यटन निगम के होटल्स के टूर पैकेज सहित प्रमाण-पत्र और मेडल दिए जायेंगे। पर्यटन बोर्ड द्वारा 2016 से कोविड काल को छोड़कर प्रतिवर्ष यह प्रतियोगिता की जा रही है।

24 अगस्त को होगी प्रतियोगिता

  • पर्यटन क्विज प्रतियोगिता दो स्तर पर होगी। पहले चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिता 24 अगस्त को होगी।
  • इसमें इच्छुक विद्यार्थी सहभागिता पंजीयन प्रपत्र 5 अगस्त तक जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य जिला स्तर उत्कृष्ट विद्यालय या जिला टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल कार्यालय (कलेक्ट्रेट) में जमा कर सकेंगे।
  • जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 3 सदस्यीय टीम का चयन प्रतियोगिता से संबंधित विद्यालय के प्राचार्य विद्यालय स्तर पर करेंगे।
  • हर जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को 2 रात और 3 दिन तथा तीन उप विजेता टीमों को एक रात और 2 दिन पर्यटन विकास निगम के होटल में नि:शुल्क ठहरने का कूपन दिया जाएगा।
  • इसमें पर्यटन स्थल तक आने-जाने, भोजन, स्थानीय भ्रमण आदि का व्यय शामिल होगा। जिला स्तर पर पहले स्थान पर आई टीम दूसरे चरण में राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेगी।

लिखित प्रश्नोत्री और ऑडियो-विजुअल होंगे प्रश्न

  • जिला स्तरीय प्रतियोगिता दो चरण में होगी। पहले चरण में लिखित प्रश्नोत्तरी और दूसरे चरण में ऑडियो-विजुअल प्रश्न शामिल होंगे।
  • लिखित प्रश्नोत्तरी में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली 6 टीमों को ऑडियो-विजुअल चरण में प्रवेश दिया जाएगा।
  • दोनों चरण में प्रदेश के पर्यटन एवं पर्यटन से संबंधित परिक्षेत्र, कला, संवर्धन, अध्यात्म, ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक, सांस्कृतिक परिवेश एवं प्रदेश में फिल्मांकित फिल्म आदि से संबंधित प्रश्न होंगे।
  • ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ में मध्यप्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए जायेंगे।
  • यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा स्कूल शिक्षा पर्यटन विकास निगम, जिला प्रशासन और जिला पुरातत्व’ पर्यटन और संस्कृति परिषद के सहयोग से की जा रही है। प्रतियोगिता से विद्यार्थी प्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक रंगों, स्थानीय कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरुषों और पर्यटन महत्व की संभावनाओं आदि से परिचित होंगे।
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews