राष्ट्रीय स्तर पर MP टूरिज्म को बड़ी उपलब्धि, मिला ‘आउटस्टैंडिंग टूरिज्म स्टेट ऑफ इंडिया’ अवॉर्ड

मध्य प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। कोलकाता में आयोजित TAAI के 69वें नेशनल कन्वेंशन में एमपी टूरिज्म बोर्ड को ‘आउटस्टैंडिंग टूरिज्म स्टेट ऑफ इंडिया’ अवॉर्ड प्रदान किया गया।
MP Tourism Award

भोपाल: मध्य प्रदेश के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। एमपी टूरिज्म बोर्ड को ‘आउटस्टैंडिंग टूरिज्म स्टेट ऑफ इंडिया’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान कोलकाता में आयोजित ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAAI) के 69वें नेशनल कन्वेंशन और एग्जिबिशन में दिया गया। एमपी टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेड़ेकर ने यह अवॉर्ड प्राप्त किया।

कोलकाता में 25 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस कन्वेंशन में देश के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। TAAI के 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर मध्य प्रदेश को यह सम्मान प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटन स्थलों की पहचान बढ़ाने और ऐतिहासिक, धार्मिक व प्राकृतिक विरासत को पर्यटकों तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए दिया गया है।

मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों और फिल्म टूरिज्म पर रहा फोकस

अवॉर्ड मिलने के साथ ही मध्य प्रदेश ने कन्वेंशन में अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों और भविष्य की योजनाओं को भी सामने रखा। प्रदेश की ऐतिहासिक इमारतों, वन्यजीव अभयारण्यों, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा फिल्म शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश में उपलब्ध स्थानों और सुविधाओं को भी प्रमुखता से बताया गया।

इस दौरान मध्य प्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 पर भी चर्चा हुई। इसके तहत प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं और शूटिंग के नए अवसरों के बारे में बताया गया। साथ ही पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए हवाई सेवाओं के विस्तार और ट्रैवल कंपनियों के साथ मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की भी दी जानकारी

कन्वेंशन में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को भी प्रमुखता दी गई। इस बड़े आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ठहरने की बेहतर सुविधाओं और जरूरी व्यवस्थाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की गई।

इसी क्रम में एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी हुई। इसमें मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने और पर्यटकों की आवाजाही आसान बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

राष्ट्रीय सम्मान से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन विभाग के सचिव और एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने इस उपलब्धि पर कहा कि मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक विविधता इसे देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में शामिल करती है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि एमपी टूरिज्म लगातार पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और अनुभव देने के लिए काम कर रहा है। इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों और दूसरे सहयोगियों के साथ मिलकर नए अवसरों पर भी काम किया जा रहा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews